1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव 2019
  4. कुमारस्वामी का पीएम मोदी पर बड़ा आरोप, "अधिकारी ने कहा था कि भारत और PAK के बीच युद्धोन्माद पैदा करेंगे मोदी''

कुमारस्वामी का पीएम मोदी पर बड़ा आरोप, "अधिकारी ने कहा था कि भारत और PAK के बीच युद्धोन्माद पैदा करेंगे मोदी''

 Written By: Bhasha
 Published : Apr 06, 2019 09:16 am IST,  Updated : Apr 06, 2019 09:16 am IST

कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी ने कहा कि एक सेवानिवृत सैन्य अधिकारी ने उनसे 2017 में कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वोट पाने के लिए भारत और पाकिस्तान के बीच ‘संघर्ष की कहानी’ गढे़ंगे और लोगों को गुमराह करेंगे।

Kumaraswamy- India TV Hindi
Kumaraswamy Image Source : PTI

बेंगलुरु: कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी ने शुक्रवार को यह दावा कर विवाद खड़ा कर दिया कि एक सेवानिवृत सैन्य अधिकारी ने उनसे 2017 में कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वोट पाने के लिए भारत और पाकिस्तान के बीच ‘संघर्ष की कहानी’ गढे़ंगे और लोगों को गुमराह करेंगे। उनकी इस टिप्पणी पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है और कहा कि मुख्यमंत्री ने पहले सूचना का खुलासा नहीं कर राजद्रोह किया है।

कुमारस्वामी ने चिक्कमगलुरु में एक चुनावी रैली में दावा किया, ‘‘दो साल पहले एक सेवानिवृत सैन्य अधिकारी ने मुझसे कहा था कि (आप) मेरी बात लिख लीजिए कि लोकसभा चुनाव से पहले भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष की कहानी गढ़ी जाएगी और वह (नरेंद्र मोदी) वोट पाने के लिए भारत के लोगों को फिर गुमराह करेंगे।’’ मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘उन्होंने दो साल पहले मुझसे ऐसा कहा था।’’

उन्होंने कहा कि भाजपा देश की सुरक्षा के नाम पर वोट मांग रही है लेकिन सवाल यह है कि क्या पिछले 70 सालों तक देश की सुरक्षा नहीं थी। उन्होंने लोगों से अपील की, ‘‘उस (भाजपा) पर विश्वास मत कीजिए। मैं आपसे पूछता हूं कि जब एक कन्नडिगा (उनके पिता एच डी देवेगौड़ा) प्रधानमंत्री थे तब क्या कोई बम विस्फोट हुआ था। क्या उस काल में कोई सैनिक शहीद हुआ था।’’

कुमारस्वामी के बयान पर भाजपा प्रवक्ता जी मधुसूदन ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जानकारी होने के बाद पुलवामा साजिश का खुलासा नहीं कर राजद्रोह किया है। मधुसूदन ने कहा, ‘‘उनके पास यदि पहले से सूचना थी तो उन्होंने सरकार को क्यों नहीं बताया। यह राजद्रोह है। क्या देश की सुरक्षा अकेले सैनिकों की जिम्मेदारी है, नेताओं की नहीं।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Lok Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024