1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव 2019
  4. राहुल गांधी का दावा- राफेल का सच सामने आएगा, नरेन्द्र मोदी और अनिल अंबानी को सजा होगी

राहुल गांधी का दावा- राफेल का सच सामने आएगा, नरेन्द्र मोदी और अनिल अंबानी को सजा होगी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 20, 2019 04:14 pm IST,  Updated : Apr 20, 2019 04:14 pm IST

राफेल मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को दावा किया कि राफेल का सच सामने आएगा, जांच होगी तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं अनिल अंबानी को सजा होगी।

rahul gandhi- India TV Hindi
rahul gandhi

सुपौल (बिहार): राफेल मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को दावा किया कि राफेल का सच सामने आएगा, जांच होगी तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं अनिल अंबानी को सजा होगी। बिहार के सुपौल में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बिहार के युवा पूरे देश में जाकर बैंकों के सामने, सरकारी इमारतों के सामने एवं अन्य दफ्तरों के सामने चौकीदारी करते हैं। बिहार के जो युवा बाहर चौकीदारी करते हैं, वे पूरी ईमानदारी से करते हैं।

उन्होंने कहा कि देश में एक नरेन्द्र मोदी हैं जो अपने को देश का चौकीदार कहते हैं लेकिन वह अनिल अंबानी के चौकीदार हैं। उन्होंने बिहार के सभी चौकीदारों को बदनाम कर दिया है। राहुल गांधी ने कहा कि बिहार के युवा धूप में, आंधी में, आधी रोटी खाकर चौकीदारी का काम करते हैं लेकिन एक व्यक्ति ने उन सभी को बदनाम कर दिया।

राफेल विमान सौदे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘कोई नहीं बच पाएगा, अंत में राफेल मामले का सच सामने आएगा। जांच होगी और नरेन्द्र मोदी एवं अनिल अंबानी को सजा होगी।’’ प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘‘नरेन्द्र मोदी चाहे जितनी भी कोशिश कर लें लेकिन बिहार एवं देश की जनता उन्हें दोबारा प्रधानमंत्री नहीं बनने देगी। बात खत्म।’’ उन्होंने कहा कि आजकल नरेन्द्र मोदी को देखें तो पता लगेगा कि वह कितना घबरा गए हैं।

राहुल ने कहा कि जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी और कोसी में बाढ़ आई थी तब हमारी सरकार ने दो दिन के भीतर 1100 करोड़ रुपया जारी किया था और उस समय सोनिया गांधी भी आई थीं। उन्होंने सवाल किया कि इसके बाद भी कोसी नदी में बाढ़ आई थी, तब नरेन्द्र मोदी की सरकार थी, क्या चौकीदार आया?

इस रैली में रालोसपा अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा, कांग्रेस नेता रंजीत रंजन मौजूद थीं। रैली में राजद नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव मौजूद नहीं थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Lok Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024