1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव 2019
  4. गोडसे मुद्दे को भुनाने में जुटी कांग्रेस, Twitter प्रोफाइल पर लगाई महात्मा गांधी की तस्वीर

गोडसे मुद्दे को भुनाने में जुटी कांग्रेस, Twitter प्रोफाइल पर लगाई महात्मा गांधी की तस्वीर

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : May 17, 2019 11:03 pm IST,  Updated : May 17, 2019 11:03 pm IST

महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को भोपाल से भाजपा उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा ठाकुर द्वारा देशभक्त कहे जाने के एक दिन बाद कांग्रेस ने शुक्रवार को अपने ट्विटर हैंडल का प्रोफाइल पिक्चर बदलकर महात्मा गांधी का चित्र लगा दिया।

congress twitter handle- India TV Hindi
congress twitter handle

नई दिल्ली: महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को भोपाल से भाजपा उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा ठाकुर द्वारा देशभक्त कहे जाने के एक दिन बाद कांग्रेस ने शुक्रवार को अपने ट्विटर हैंडल का प्रोफाइल पिक्चर बदलकर महात्मा गांधी का चित्र लगा दिया। पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर पहले प्रोफाइल पिक्चर के रूप में पार्टी का चुनाव चिह्न् लगा हुआ था।

कांग्रेस ने यह कदम तब उठाया है, जब एक दिन पहले गुरुवार को मालेगांव विस्फोट की आरोपी प्रज्ञा ठाकुर ने महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को देशभक्त करार दिया था। उन्होंने कहा था, "नाथूराम गोडसे एक देशभक्त थे, हैं और रहेंगे। उन्हें आतंकवादी कहने वाले अपने गिरेबान में झांक कर देखें। इस चुनाव में ऐसे लोगों को सबक सिखाया जाएगा।"

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अनंत कुमार हेगड़े और नलिन कतील ने भी गोडसे की प्रशंसा की और उन्होंने ठाकुर का समर्थन किया।

इसके पहले भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा था कि ठाकुर, हेगड़े और कतील के बयान उनके निजी थे और पार्टी से इसका कुछ लेना-देना नहीं है। शाह ने कहा, "हालांकि उन्होंने अपने बयान वापस ले लिए हैं और उन्होंने माफी भी मांग ली है। भाजपा ने इन नेताओं के बयानों को पार्टी की अनुशासन समिति को भेजने का निर्णय लिया है। समिति इन नेताओं के जवाब प्राप्त होने के 10 दिनों के भीतर एक रिपोर्ट सौंपेगी।"

गोडसे ने 30 जनवरी, 1948 को नई दिल्ली में एक प्रार्थना सभा में जाते समय महात्मा गांधी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस राष्ट्र से उसका राष्ट्रपिता छीन लिया था। आज देश को राष्ट्रभक्ति का पाठ पढ़ाया जा रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Lok Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024