1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव 2019
  4. बिरयानी को लेकर कांग्रेस समर्थकों में चले लाठी-डंडे, 34 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज, नौ गिरफ्तार

बिरयानी को लेकर कांग्रेस समर्थकों में चले लाठी-डंडे, 34 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज, नौ गिरफ्तार

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 07, 2019 12:14 pm IST,  Updated : Apr 07, 2019 12:15 pm IST

बिजनौर सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार नसीमुद्दीन सिद्दीकी के समर्थकों के बीच बिरयानी को लेकर हुई झड़प में कई लोग घायल हो गए।

Skirmish among the Congress supporter for Biriyani - India TV Hindi
Skirmish among the Congress supporter for Biriyani 

मुजफ्फरनगर: बिजनौर सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार नसीमुद्दीन सिद्दीकी के समर्थकों के बीच बिरयानी को लेकर हुई झड़प में कई लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि बिना मंजूरी के एक चुनावी सभा में बिरयानी परोसने और पहले खाने की होड़ में विवाद हो गया, जिसमें लाठी-डंडे भी चले। सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और कार्रवाई कर मामला दर्ज किया। 

इस सिलसिले में नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। काकरौली थाना क्षेत्र के टडहेड़ा गांव में शनिवार को पूर्व विधायक मौलाना जमील के आवास पर चुनावी सभा आयोजित की गई। जमील हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि चुनावी सभा के बाद दोपहर के भोजन के लिए बिरयानी परोसी जानी थी लेकिन वहां मौजूद लोगों में पहले बिरयानी खाने की होड़ में झड़प हो गई। 

पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और हिंसक भीड़ को तितर-बितर कर दिया गया। क्षेत्राअधिकारी राम मोहन शर्मा ने बताया कि आईपीसी की विभिन्न धाराओं और आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन में जमील और उनके बेटे नईम अहमद समेत 34 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। घटना के संबंध में अभी तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि गांव में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और अतिरिक्त सुरक्षाबलों को तैनात किया गया है। जमील ने गत सप्ताह बसपा का साथ छोड़कर कांग्रेस का हाथ थाम लिया था। वह 2012 में मीरापुर विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित हुए थे। बिजनौर में लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 11 अप्रैल को मतदान होगा।

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Lok Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024