1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. महाराष्ट्र विधान सभा चुनाव 2019
  4. मैं अभी जवान हूं, BJP-शिवसेना का बोरिया-बिस्तर समेटकर करूंगा आराम: शरद पवार

मैं अभी जवान हूं, BJP-शिवसेना का बोरिया-बिस्तर समेटकर करूंगा आराम: शरद पवार

 Reported By: PTI
 Published : Oct 09, 2019 09:01 pm IST,  Updated : Oct 09, 2019 11:44 pm IST

राकांपा प्रमुख शरद पवार ने बुधवार को कहा कि वह अब भी जवान हैं और महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना को परास्त करने तक आराम नहीं करेंगे।

Sharad Pawar- India TV Hindi
Sharad Pawar

मुंबई: राकांपा प्रमुख शरद पवार ने बुधवार को कहा कि वह अब भी जवान हैं और महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना को परास्त करने तक आराम नहीं करेंगे। दिसंबर में पवार 79 वर्ष के हो जाएंगे। वरिष्ठ नेता महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए अकोला के बालापुर में एक रैली को संबोधित कर रहे थे।

राज्य में 21 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव होगा। रैली में पवार के संबोधन से पहले एक पार्टी नेता ने कहा कि राकांपा प्रमुख इस उम्र में भी पूरे राज्य में प्रचार कर रहे हैं। पवार ने अपने संबोधन में कहा, ‘‘किसी ने कहा कि मैं इस उम्र में भी प्रचार कर रहा हूं। मैं आपकी पार्टी का अध्यक्ष हूं। ऐसा दोबारा न कहें। क्या मैं बूढ़ा हो गया हूं?’’ तभी किसी ने भीड़ में से कहा, ‘‘अभी तो मैं जवान हूं।’’ पवार ने तुरंत जवाब दिया, ‘‘मैं भी अभी जवान हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘चिंता न करें। मैं इन लोगों (सत्तारूढ़) को घर भेजने के बाद घर जाऊंगा।’’

बता दें कि इससे पहले आज महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने राकांपा प्रमुख शरद पवार पर निशाना साधते हुए कहा था कि राज्य विधानसभा के नतीजों के बाद उनका सामाजिक और राजनीतिक करियर समाप्त हो जाएगा। कोल्हापुर जिले में राधानगरी तहसील से शिवसेना के उम्मीदवार प्रकाश अबिटकर की चुनावी रैली में पाटिल ने पवार पर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था, ‘‘विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद हम शरद पवार को सामाजिक और राजनीतिक करियर से स्थाई तौर पर सेवानिवृत्त कर देंगे।’

इसके अलावा आज मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने भी कहा था कि शरद पवार चुनाव प्रचार कर रहे हैं लेकिन उन्हें भी पता है कि उनकी पार्टी ‘‘आधी खाली’’ है। वह चुनाव से पहले राकांपा के कई नेताओं द्वारा पार्टी छोड़ने के संदर्भ में टिप्पणी कर रहे थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Maharashtra Vidhan Sabha Chunav 2019 से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024