1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. इलेक्‍शन न्‍यूज
  4. विधानसभा चुनाव: कांग्रेस ने घोषित किए अरुणाचल में 53 और सिक्किम में 32 कैंडिडेट, पूर्व सीएम को लोकसभा का टिकट भी मिला

विधानसभा चुनाव: कांग्रेस ने घोषित किए अरुणाचल में 53 और सिक्किम में 32 कैंडिडेट, पूर्व सीएम को लोकसभा का टिकट भी मिला

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 24, 2019 08:13 am IST,  Updated : Mar 24, 2019 08:13 am IST

कांग्रेस ने शनिवार को अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 53 और सिक्किम विधानसभा चुनाव के लिए 32 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया।

Congress announces list of candidates for Arunachal...- India TV Hindi
Congress announces list of candidates for Arunachal Pradesh, Sikkim assembly polls  (Representational Image of Congress president Rahul Gandhi) Image Source : PTI

नई दिल्ली: कांग्रेस ने शनिवार को अरुणाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 53 और सिक्किम विधानसभा चुनाव के लिए 32 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया। कांग्रेस ने अरुणाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नबाम तुकी को सागले (अनसूचित जनजाति) विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतारा है। गौरतलब है कि कांग्रेस ने तुकी को अरुणाचल (पश्चिम) लोकसभा सीट से भी उम्मीदवार बनाया है।

अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम विधानसभा चुनावों के उम्मीदवारों की घोषणा करने के अलावा कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, उत्तराखंड और मणिपुर में लोकसभा की 38 और सीटों के लिए शनिवार को उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। पार्टी महासचिव मुकुल वासनिक की ओर से शनिवार रात को ये सूची जारी की गई।

सूची के मुताबिक पार्टी ने वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह को भोपाल से उम्मीदवार बनाया गया है। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को राज्य की नैनीताल-उधमसिंह नगर सीट से टिकट दिया गया है। इसके अलावा महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण एक बार फिर से नांदेड़ से चुनाव लड़ेंगे। 

पूर्व केंद्रीय मंत्री वीरप्पा मोइली को कर्नाटक के चिकबल्लापुर लोकसभा क्षेत्र से टिकट दिया गया है। वहीं, लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को राज्य की गुलबर्गा सीट से पार्टी ने फिर अपना उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस ने उत्तराखंड में भाजपा के वरिष्ठ नेता बी सी खंडूरी के बेटे मनीष को गढ़वाल संसदीय सीट से टिकट दिया है। मनीष हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए हैं।

राहुल गांधी की करीबी मीनाक्षी नटराजन को मध्य प्रदेश की मंदसौर सीट से पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है जबकि रतलाम संसदीय सीट से कांतिलाल भूरिया पार्टी के प्रत्याशी होंगे। पार्टी के पूर्व प्रवक्ता राशिद अलवी को उत्तर प्रदेश के अमरोहा से टिकट दिया गया है। नई सूची में कर्नाटक में 18, मध्यप्रदेश में 9, महाराष्ट्र में 1, उत्तर प्रदेश में 3, उत्तराखंड में 5 और मणिपुर में 2 उम्मीदवार घोषित किए गए हैं।

पार्टी ने लोकसभा उम्मीदवारों की यह आठवीं सूची जारी की है। कांग्रेस सात चरणों में 11 अप्रैल से शुरू होकर 19 मई तक चलने वाले 543 सदस्यीय लोकसभा के चुनावों के लिए अब तक 218 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर चुकी है। इन चुनावों के लिए मतगणना 23 मई को होगी।

वहीं, अरुणाचल प्रदेश में विधानसभा और लोकसभा चुनाव एक साथ होंगे। अरुणाचल में विधानसभा की 60 सीटों और दो संसदीय सीटों के लिए 11 अप्रैल को मतदान होगा। वहीं,  सिक्किम में विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव एक साथ 11 अप्रैल को होंगे। सिक्किम विधानसभा में कुल 32 सीटें हैं।

(इनपुट- भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024