श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में जिला विकास परिषद यानि डीडीसी के चुनाव की मतगणना जारी है। यहां जम्मू क्षेत्र में बीजेपी ने बढ़त बना ली है, कश्मीर में कांटे की टक्कर दिखाई दे रही है। नवंबर और दिसंबर के दौरान 8 चरणों में हुए डीडीसी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी और जम्मू कश्मीर में विभिन्न पार्टियों के गुपकार मोर्चे के बीच अहम टक्कर है। इस चुनाव में डीडीसी की 280 सीटों पर चुनाव हुआ। 8 चरणों के मतदान में कश्मीर की आवाम ने 2178 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला तय कर दिया है।
चुनाव आयोग के अनुसार डीडीसी चुनाव की मतगणना सुबह 9 बजे शुरू हो गई है। यहां सभी आठ चरणों में कुल 51.42 प्रतिशत मतदान हुआ था। राज्य चुनाव आयोग के मुताबिक जिला विकास परिषद (डीडीसी) के चुनाव परिणामों को https://ceojk.nic.in पर जाकर कहीं से भी देख सकते हैं।
राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने बीजेपी पर डीडीसी के चुनाव परिणामों में हेरफेर करने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। इस बीच चुनाव परिणाम के दौरान किसी भी गड़बड़ी की संभावना को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट पर है। सोमवार शाम को पीडीपी नेता नईम अख्तर को हिरासत में रखा गया है। इससे पहले पीडीपी के दो वरिष्ठ नेताओं को दक्षिण कश्मीर में हिरासत में लिया गया था। यानी फिलहाल पीडीपी के तीन नेता हिरासत में हैं।









