1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. इलेक्‍शन न्‍यूज
  4. अखिलेश यादव ने ओपिनियन पोल पर कसा तंज, कहा- ये ‘ओपियम पोल है’

अखिलेश यादव ने ओपिनियन पोल पर कसा तंज, कहा- ये ‘ओपियम पोल है’

 Published : Jan 26, 2022 09:04 pm IST,  Updated : Jan 26, 2022 09:04 pm IST

समाजवादी पार्टी ने निर्वाचन आयोग से समाचार चैनलों पर दिखाए जा रहे ओपिनियन पोल को आचार संहिता का उल्लंघन करार देते हुए बंद कराने की मांग की थी।

Akhilesh Yadav, Akhilesh Yadav Opinion Poll, Akhilesh Yadav Opium Poll- India TV Hindi
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ओपिनियन पोल को ‘ओपियम पोल’ करार दिया है। Image Source : FACEBOOK.COM/SAMAJWADIPARTY

Highlights

  • अखिलेश यादव ने कहा, ओपिनियन पोल वास्तव में ओपियम पोल है और हमें इससे सावधान रहना है।
  • सपा अध्यक्ष ने कहा, बीजेपी के नेता अपने बयानों से चुनाव को दूसरी दिशा में ले जाना चाहते हैं।
  • अखिलेश ने कहा, देश में कुछ नकारात्मक सोच और समाज को बांटने वाले देश को पीछे ले जाना चाहते हैं।

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने समाचार चैनलों पर दिखाए जा रहे उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के ओपिनियन पोल पर बुधवार को तंज करते हुए इन्हें ‘ओपियम पोल’ करार दिया। यादव ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर अपने संबोधन में कहा, ‘बीजेपी के नेता अपने बयानों से चुनाव को दूसरी दिशा में ले जाना चाहते हैं। वॉट्सऐप पर तमाम भ्रांतियां फैलाई जा रही है। ओपिनियन पोल वास्तव में ओपियम (अफीम) पोल है। हमें इससे सावधान रहना है।’

‘आजादी, लोकतंत्र और संविधान को बचाने का संकल्प लेना होगा’

गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी ने निर्वाचन आयोग से समाचार चैनलों पर दिखाए जा रहे ओपिनियन पोल को आचार संहिता का उल्लंघन करार देते हुए बंद कराने की मांग की थी। इसे लेकर बीजेपी ने सपा पर निशाना साधा था। सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि देश में कुछ नकारात्मक सोच और समाज को बांटने वाले देश को पीछे ले जाना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘देश को आजादी लंबे संघर्ष और हजारों नौजवानों के त्याग और बलिदान से मिली है और हमें इस आजादी, लोकतंत्र और संविधान को बचाने का संकल्प लेना होगा।’


‘भारतीय जनता पार्टी सरकार ने किसानों को अपमानित किया है’
अखिलेश यादव ने कहा, ‘देश में कुछ नकारात्मक सोच और समाज को बांटने वाले देश को पीछे ले जाना चाहते हैं। एक समय डॉक्टर लोहिया और डॉक्टर अम्बेडकर मिलकर काम करना चाहते थे पर परिस्थितियोंवश वैसा नहीं हो सका। भारतीय जनता पार्टी सरकार ने किसानों को अपमानित किया है। अन्नदाता का बेटा सीमा की रक्षा कर रहा है। यहां किसानों को बल प्रयोग कर प्रताड़ित किया जा रहा है। उनके आंदोलन को कुचलने के लिए क्या-क्या नहीं किया गया। इस विधानसभा चुनाव को सभी अपना चुनाव समझे। यह निर्णायक होगा।’

शहीदों के परिवारों की भरपूर मदद करें: मुलायम सिंह यादव
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष एवं देश के पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह भी मौजूद थे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि देश को आजादी दिलाने में जिन्होंने कुर्बानियां दी उनको हम श्रद्धापूर्वक याद करते हैं, इतिहास में वे अमर रहेंगे। उन्होंने अपील की कि शहीदों के परिवारों को कोई दिक्कत हो तो उनकी भरपूर मदद करें।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024