1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. इलेक्‍शन न्‍यूज
  4. Gujarat Assembly Election : गहलोत ने किया दावा, 'गुजरात में आ सकते हैं चौंकाने वाले नतीजे, भाजपा की हालत खराब'

Gujarat Assembly Election : गहलोत ने किया दावा, 'गुजरात में आ सकते हैं चौंकाने वाले नतीजे, भाजपा की हालत खराब'

 Edited By: Niraj Kumar
 Published : Nov 23, 2022 08:55 pm IST,  Updated : Nov 24, 2022 12:25 pm IST

गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने दावा किया है कि चुनाव परिणाम चौंकानेवाले हो सकते हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधा और यह सवाल उठाया कि क्या पार्टी की भाजपा से मिलीभगत है?

अशोक गहलोत, मुख्यमंत्री, राजस्थान- India TV Hindi
अशोक गहलोत, मुख्यमंत्री, राजस्थान Image Source : AP

जयपुर:  राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने बुधवार यह दावा किया गुजरात विधानसभा के नतीजे चौंकानेवाले हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी की हालत खराब है। इसके साथ ही गहलोत ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधा और सवाल उठाया कि क्या पार्टी की भाजपा से मिलीभगत है? 

मोदी जी हर सप्ताह गुजरात क्यों जा रहे हैं-गहलोत

गुजरात में विधानसभा चुनावों के नतीजों के बारे में पूछे जाने पर गहलोत ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘परिणाम चौंकाने वाले आ सकते हैं, मेरा मानना ये है। अब आएंगे क्या यह तो समय बताएगा।’ गहलोत ने कहा कि गुजरात में भाजपा की हालात खराब है। उन्होंने कहा, ‘आज इनकी गुजरात में हालत खराब है। (प्रधानमंत्री नरेंद्र) मोदी जी हर सप्ताह गुजरात क्यों जा रहे हैं? अमित शाह जी ने वहीं कैंप कर रखा है। खुद के राज्य में प्रधानमंत्री की स्थिति ये है, तो आप सोच सकते हैं कि देश में क्या होगी।’

हिमाचल में तो आप गायब हो गई-गहलोत

इसके साथ ही गहलोत ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव से अपना प्रचार अभियान वापस ले लिया है। उन्होंने कहा, ‘हिमाचल प्रदेश में तो आम आदमी पार्टी (आप) गायब हो गई, यह भी रहस्य है। आप वहां पर बड़ी-बड़ी बातें करती थीं, वहां भी रोडशो किए। गुजरात की तरह वहां भी खूब वादे किए। राजस्थान में आने की संभावनाएं भी उन वादों के आधार पर है पर यहां दाल गलने वाली नहीं है। यहां पहले से ही हमने इतनी योजनाएं बना रखी हैं जिनका मुकाबला कोई राज्य नहीं कर सकता। हमने जो योजनाएं बनाईं राजस्थान वे वैसी योजनाएं पूरे मुल्क में कहीं पर नहीं है।’ 

उन्होंने कहा, ‘मैं पूछना चाहूंगा (अरविंद) केजरीवाल जी से कि आपने अपना पूरा चुनाव अभियान वापस क्यों ले लिया। सारे आफिस बंद क्यों कर दिए। क्या भाजपा से आपकी मिलीभगत है?’’ गहलोत के अनुसार गुजरात में भी आप का जो रफ्तार (टैंपों) उनका 20 दिन पहले था वह नीचे क्यों आ गया। 

केजरीवाल और मोदी का लोकतंत्र में यकीन नहीं-गहलोत

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘ये तमाम जो खेल खेल रहे हैं देश में ये वो शक्तियां हैं जिनका लोकतंत्र में यकीन नहीं है, न केजरीवाल जी का न मोदी जी का है। ये फासीवादी लोग है। उसी रूप में ये देश को चलाना चाहते हैं और देश को बर्बाद कर रहे हैं। मेरा मानना है केजरीवाल जी के झूठे वादे भी धीरे-धीरे ‘एक्सपोज’ (उजागर) हो रहे हैं। हमने केजरीवाल जी के रूप को देख लिया है। शाहीन बाग के धरने के समय, धर्मनिरपेक्षता की बात करने वाले ये केजरीवाल जी गायब हो गए। पूरा गणित भाग लगा रहे थे कि मैं चुनाव कैसे जीतूं। देश बहुत समझदार है ऐसे लोगों को सबक सिखाएगा।’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024