1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. इलेक्‍शन न्‍यूज
  4. Hijab Controversy: छत्तीसगढ़ के CM बघेल ने कहा- साम्प्रदायिकता में BJP की मास्टरी है

Hijab Controversy: छत्तीसगढ़ के CM बघेल ने कहा- साम्प्रदायिकता में BJP की मास्टरी है

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 13, 2022 04:00 pm IST,  Updated : Feb 13, 2022 04:35 pm IST

उत्तर प्रदेश चुनाव में कांग्रेस पार्टी के प्रदर्शन पर बघेल ने कहा कि, कांग्रेस पार्टी निश्चित रूप से अच्छा प्रदर्शन करेगी। दूसरी पार्टियां धर्म और जाति के आधार पर वोट मांग रही हैं, जबकि कांग्रेस पार्टी आम जनता के मुद्दे पर चुनाव लड़ रही है।

Bhupesh Baghel, Chhattisgarh CM- India TV Hindi
Bhupesh Baghel, Chhattisgarh CM Image Source : TWITTER/@INCUTTARPRADESH

Highlights

  • PM को तो जवाब देना चाहिए कि नोटबंदी के बाद कितना काला धन वापस आया?- बघेल
  • GST के बाद देश की अर्थव्यवस्था में क्या परिवर्तन आया?- छत्तीसगढ़ CM
  • उत्तरप्रदेश चुनाव के दूसरे चरण के दौरान कानपुर पहुंचे छत्तीसगढ़ के CM बघेल

नई दिल्ली: उत्तरप्रदेश के चुनाव प्रचार में कानपुर पहुंचे छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) ने हिजाब विवाद (Hijab Controversy) पर भाजपा पर तंज कसते हुए कहा है कि साम्प्रदायिकता में बीजेपी की मास्टरी है। उत्तरप्रदेश चुनाव के दूसरे चरण के दौरान कानपुर में डोर टू डोर कैंपेन करने पहुंचे भूपेश बघेल ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। 

भूपेश बघेल ने कर्नाटक में हुए हिजाब विवाद पर कहा कि जिन्होंने इसकी शुरूआत की है उन्हें अंजाम का पता नहीं है। इस मुद्दे पर कॉलेज के प्राचार्य को बच्चियों के अभिभावकों को बुलाकर बात की जानी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि अब योगी और मोदी के जाने का समय हो चुका है।

वहीं, उत्तर प्रदेश चुनाव में कांग्रेस पार्टी के प्रदर्शन पर बघेल ने कहा कि, कांग्रेस पार्टी निश्चित रूप से अच्छा प्रदर्शन करेगी। दूसरी पार्टियां धर्म और जाति के आधार पर वोट मांग रही हैं, जबकि कांग्रेस पार्टी आम जनता के मुद्दे पर चुनाव लड़ रही है।

बघेल ने कहा कि, कांग्रेस का मुख्य मुद्दा है किसानों को दाम मिले, बेरोजगारों को काम मिले और महिलाओं को सम्मान मिले। प्रियंका गांधी के 'लड़की हूं लड़ सकती हूं' इस नारे से महिलाओं में आत्मविश्वास आया है और इस बार परिवर्तन अवश्य होगा।

कानपुर में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि, PM ने लोकसभा में कांग्रेस पर, नेहरू जी और इंदिरा जी पर आरोप लगाया हैं। ना इंदिरा जी और ना नेहरू जी उन्हें जवाब देंगे। ये इतिहास की बात है और PM इतिहास को तोड़-मरोड़ नहीं सकते हैं। PM को तो जवाब देना चाहिए कि नोटबंदी के बाद कितना काला धन वापस आया? दूसरी लहर में नदियों में कितनी लाशें बहीं?  GST के बाद देश की अर्थव्यवस्था में क्या परिवर्तन आया?

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि हिमाचल के उपचुनाव हारते ही केंद्र की भाजपा सरकार ने पेट्रोल, डीजल की कीमतों में कमी की। महंगाई अगर कम करना है तो भाजपा को हराना ही होगा। बता दें कि, उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों के लिए 7 चरणों में चुनाव होंगे। उत्तर प्रदेश में पहले चरण के लिए 11 फरवरी को मतदान हुए थे। जबकि 14 फरवरी को दूसरे चरण का मतदान है। इसके बाद 20 फरवरी, 23 फरवरी, 27 फरवरी, 3 मार्च और 7 मार्च को कराया जाएगा। जबकि प्रदेश में मतगणना 10 मार्च को कराई जाएगी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024