1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. इलेक्‍शन न्‍यूज
  4. 'हिमाचल के लोग सूझबूझ से मतदान का कर्तव्य निभाएं, भविष्य को बुनने में योगदान दें'- प्रियंका गांधी

'हिमाचल के लोग सूझबूझ से मतदान का कर्तव्य निभाएं, भविष्य को बुनने में योगदान दें'- प्रियंका गांधी

 Published : Nov 12, 2022 09:51 am IST,  Updated : Nov 12, 2022 09:51 am IST

हिमाचल प्रदेश में मतदान शुरू हो चुका है, जिसे लेकर कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने राज्य के लोगों से सूझबूझ से मतदान करने की अपील की।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी(फाइल फोटो)- India TV Hindi
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी(फाइल फोटो) Image Source : PTI

Himachal Election 2022: हिमाचल प्रदेश में मतदान शुरू हो चुका है जिसके मद्देनजर कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने राज्य के लोगों से सूझबूझ से मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हिमाचल के लोग राज्य के भविष्य को बनाने में योगदान दें। कांग्रेस महासचिव ने ट्वीट कर लिखा कि प्रिय हिमाचल वासियों, आप सब अपने व अपने प्रदेश के हालातों को भलीभांति समझते हैं। उन्होंने कह कि अपनी परिस्थितियों को देखते हुए पूरी सूझबूझ से मतदान का कर्तव्य निभाएं व हालातों को बदलने व हिमाचल के भविष्य को बुनने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें। 

लोग प्रदेश में नई सरकार बनाने में मदद करेंगे: प्रतिभा सिंह

दूसरी तरफ कांग्रेस कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि हिमाचल के सभी लोग आज मतदान को लेकर बहुत उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि वे सभी आज मतदान करेंगे और हिमाचल प्रदेश में नई सरकार बनाने में मदद करेंगे।

वहीं, कांग्रेस नेता विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जीत होने वाली है और राज्य की दशा और दिशा बदलने के लिए यह चुनाव हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव हिमाचल से जुड़ा हुआ और उसके भविष्य का चुनाव है। विक्रमादित्य ने कहा कि वर्तमान सरकार ने हर वर्ग के इंसान की आवाज़ को दबाया और अनसुना किया।

अमित शाह ने भी की अपील

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने ट्वीट में लिखा कि एक मजबूत और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार ही हिमाचल प्रदेश को विकास में अग्रणी रख देवभूमि की जनता की आकांक्षाओं को पूरा कर सकती है। उन्होंने लिखा कि हिमाचल के सभी मतदाताओं विशेषकर माताओं, बहनों व युवाओं से अपील करता हूँ कि प्रदेश के सुनहरे कल के लिए अधिक से अधिक संख्या में मतदान कर एक सशक्त सरकार चुने।

'लोगों का सरकार को दोबारा लाने का मन है'

इसके अलावा जयराम ठाकुर ने कहा कि आज मतदान है और मैं सभी मतदाताओं से ये कहना चाहता हूं कि आप मतदान करने जरूर जाइए ताकि हम लोकतंत्र को और मजबूती दे सकें। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा यकीन है कि इस बार लोगों का सरकार को दोबारा लाने का मन है और इसमें हम लोग जरूर सफल होंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024