1. Hindi News
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. इलेक्‍शन न्‍यूज
  4. UP Election 2022: सीएम योगी ने की मुख्यमंत्री बंगले की बात तो मायावती ने गोरखपुर मठ की दिलाई याद

UP Election 2022: सीएम योगी ने की मुख्यमंत्री बंगले की बात तो मायावती ने गोरखपुर मठ की दिलाई याद

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jan 23, 2022 08:30 pm IST,  Updated : Jan 23, 2022 08:30 pm IST

भाजपा का चुनाव प्रचार करने के लिए गाजियाबाद पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम को संबोधित करने के दौरान सपा और अखिलेश यादव पर तीखा निशाना साधा।

सीएम योगी और मायावती- India TV Hindi
सीएम योगी और मायावती Image Source : FILE PHOTO

Highlights

  • सीएम योगी ने अखिलेश कार्यकाल का किया था जिक्र
  • मायावती ने सीएम योगी को घेरा
  • सीएम योगी पहुंचे थे गाजियाबाद

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जब उनकी सरकार बनती थी तो मुख्यमंत्री और मंत्री सबसे पहला अपना बंगला बनाते थे । योगी आदित्यनाथ के इस आरोप पर सबसे तीखा जवाब बसपा राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती की तरफ से आया है। मायावती ने योगी आदित्यनाथ के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए यहां तक कह डाला कि गोरखपुर का मठ, जहां योगी आदित्यनाथ निवास करते हैं, वो भी किसी बड़े बंगले से कम नहीं है।

रविवार को भाजपा का चुनाव प्रचार करने के लिए गाजियाबाद पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम को संबोधित करने के दौरान सपा और अखिलेश यादव पर तीखा निशाना साधते हुए कहा कि जब सपा की सरकार बनती थी तो उस समय के मुख्यमंत्री और मंत्री सबसे पहले अपना बंगला बनाते थे लेकिन भाजपा सरकार में हमने अपना बंगला या मकान नहीं बनाया बल्कि प्रदेश के 43 लाख गरीबों को एक-एक आवास देने का काम किया। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा सरकार ने प्रदेश के 2 करोड़ 61 लाख लोगों को एक-एक शौचालय बनाकर भी देने का काम किया।

योगी आदित्यनाथ के बंगले के इस आरोप के सामने आते ही सबसे पहला और तीखा बयान पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की तरफ से आया। बसपा सुप्रीमो ने सिलसिलेवार कई ट्वीट कर योगी आदित्यनाथ और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। मायावती ने गोरखपुर के मठ को बड़ा बंगला बताते हुए ट्वीट कर कहा, शायद पश्चिमी यू.पी. की जनता को यह मालूम नहीं है कि गोरखपुर में योगी जी का बना मठ जहाँ वो अधिकांश निवास करते हैं, वो कोई बड़े बंगले से कम नहीं है। यदि इस बारे में भी यह बता देते तो बेहतर होता।

मायावती ने बसपा सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताते हुए अपने अगले ट्वीट में कहा, साथ ही, यह भी बेहतर होता यदि यूपी के सीएम अपनी सरकार की तारीफ के साथ-साथ बीएसपी सरकार के जनहित से जुड़े कार्यों का भी कुछ उल्लेख कर देते क्योंकि इन्हें मालूम होना चाहिए कि गरीबों को मकान व भूमिहीनों को जमीन देने के मामले में बीएसपी सरकार का रिकार्ड बेहतरीन रहा है। मायावती ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल में गरीबों को मकान देने का दावा करते हुए अपने तीसरे ट्वीट में कहा, बीएसपी सरकार द्वारा मान्यवर श्री कांशीराम जी शहरी गरीब आवास योजना के तहत केवल दो चरण में ही डेढ़ लाख से अधिक पक्के मकान दिए गए तथा सर्वजन हिताय गरीब आवास मालिकाना हक योजना के तहत काफी परिवारों को लाभ मिला। लाखों भूमिहीन परिवारों को भी भूमि दी गई।

दरअसल, उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव में भाजपा लगातार समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर ही निशाना साधती नजर आ रही है। भाजपा - सपा की इस लड़ाई में बसपा और मायावती अब तक लगातार पिछड़ती ही नजर आ रही थी । पिछले कुछ दिनों से बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती लगातार अपने विरोधियों पर निशाना साधते हुए रेस में बने रहने का दावा कर रही है। रविवार को भी गाजियाबाद में बोलते हुए योगी आदित्यनाथ ने बंगले के बहाने अखिलेश यादव पर हमला बोला था लेकिन अपने मतदाताओं को संदेश देने के लिए मायावती ने योगी आदित्यनाथ पर तीखा हमला बोल दिया।

 

इनपुट- आईएएनएस

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। News से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें लोकसभा चुनाव 2024