नई दिल्ली: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के बारे में हाल ही में खबर आई है कि उन्हें शुक्रवार को लीलावती अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। हालांकि उनकी स्थिति से संबंधित अभी कोई जानकारी हासिल नहीं हो पाई है। लेकिन परिवार के सभी सदस्य अस्पताल में पहुंच चुके हैं। खबरों के मुताबिक कहा जा रहा है कि उन्हें गले और स्पाइन में दर्द की समस्या के कारण काफी परेशानी हो रही थी, जिसकी वजह से उन्हें अब अस्पताल में एडमिट कर दिया गया है।
Related Stories
गौरतलब है कि बिग बी लंबे समय से स्पाइन के दर्द से परेशान थे। पहले से ही उनकी इस बीमारी का इलाज चल रहा था। फिलहाल उनके स्पाइन के दर्द का इवैल्यूएशन किया जा रहा है। बिग बी इन दिनों अपने अगली फिल्मों के प्रोजेक्ट्स में काफी व्यस्त चल रहें हैं, लेकिन अचानक उठे इस दर्द के कारण उन्हें तुरंत हॉस्पिटल जाना पड़ा। हालांकि इसके साथ यह भी खबर आ रही है वह सिर्फ रुटीन चैकअप के लिए अस्पताल गए हैं।
बता दें कि महानायक काफी समय से अपनी आगामी फिल्म ‘102 नॉट आउट’ को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। आज ही उनकी इस फिल्म का टीजर जारी किया गया है। फिल्म में अमिताभ को एक शैतान और मस्तीखोर पिता का किरदार निभाते हुए देखा जा रहा। जबकि फिल्म में उनके बेटे बने ऋषि कपूर उनकी शैतानियों से परेशान होते दिख रहे हैं।