मुंबई: अभिनेत्री विद्या बालन एक बार फिर वूमन पॉवर के साथ बड़े परदे पर दस्तक देने के लिए तैयार हैं। महिला दिवस के दिन विद्या की फिल्म ‘बेगम जान’ का नया पोस्टर रिलीज किया गया। पोस्टर में विद्या बालन कई महिलाओं के साथ नजर आ रही हैं। पोस्टर में जो चीज सबसे ज्यादा ध्यान खींच रही है वो है विद्या बालन की आंखें। विद्या की आंखों में गुस्सा साफ दिखाई दे रहा है।
दूसरी चीज जो ध्यान खींचती है वो है पोस्टर की टैगलाइन जिसमें लिखा है, ‘‘वेश्याओं की तरह रहीं, और रानियों की तरह लड़ीं’’, पोस्टर में ये भी लिखा है, ‘’जब स्वतंत्रता से आजादी मिली’’
कल 'बेगम जान' का पहला पोस्टर रिलीज हुआ था। कल के पोस्टर में लिखा था, 'माई बॉडी, माई हाउस, माई कंट्री, माई रूल्स।' पोस्टर देखकर तो यही लगता है फिल्म में एक बार फिर विद्या की दमदार एक्टिंग देखने को मिलेगी।

महेश और मुकेश भट्ट द्वारा निर्मित इस फिल्म का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता श्रीजीत मुखर्जी ने किया है। बांग्ला निर्देशक इस फिल्म के साथ बॉलीवुड में अपनी पहली फिल्म का निर्देशन करने जा रहे हैं। यह 2015 में आई बंग्ला फिल्म 'राजकहिनी' की कहानी पर ही आधारित है।
फिल्म की कहानी आजादी से पहले हुए बंटवारे पर आधारित है। फिल्म में विद्या एक वेश्यालय की मालकिन की भूमिका निभाते हुए दिखाई देंगी। इसमें उनके अलावा दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह, रजत कपूर, गौहर खान, पल्लवी शारदा, इला अरुण, आशीष विद्यार्थी और चंकी पांडे जैसे सितारे भी अहम किरदार निभाते हुए नजर आएंगे। फिल्म 14 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।