1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. UN में अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने दिया भाषण, जानिए क्यों चर्चा में है ये तस्वीर?

UN में अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने दिया भाषण, जानिए क्यों चर्चा में है ये तस्वीर?

 Published : Sep 20, 2017 08:22 pm IST,  Updated : Sep 20, 2017 08:22 pm IST

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेत्री ने कहा कि लड़कियों के सशक्तीकरण का महत्व विषय पर बोलना और वैश्विक नेताओं को संबोधित करना उनके लिए सम्मान की बात रही।

PRIYANKA CHOPRA- India TV Hindi
PRIYANKA CHOPRA

न्यूयॉर्क: बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जितनी मशहूर भारत में हैं उतनी ही विदेश में भी हो रही हैं। प्रियंका ने बॉलीवुड फिल्मों से जितना नाम कमाया है उतना ही वो हॉलीवुड की फिल्मों और अमेरिकन सीरियल ‘क्वांटिको’ से कमा रही हैं। ‘बेवॉच’ के बाद प्रियंका जल्द ही एक और हॉलीवुड फिल्म में नजर आने वाली हैं। हाल ही में संयुक्त राष्ट्र की सद्भावना दूत अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने यहां संयुक्त राष्ट्र महासभा में 'ग्लोबल गोल्स अवार्ड्स' के दौरान लड़कियों के सशक्तीकरण के बारे में बोला और तेजाब हमलों की शिकार महिलाओं की मदद मुहैया कराने के संबंध में काम कर रही एक महिला की तारीफ की।

बच्चियों के अधिकारों व लैंगिक समानता को लेकर मुखर रहने वाली प्रियंका ने बुधवार को सोशल मीडिया पर कार्यक्रम में अपनी मौजूदगी वाली एक तस्वीर साझा की, जिसमें एक लड़की द्वारा सतत विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में बढ़ने को लेकर निभाई गई महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाया गया है।

अभिनेत्री ने तस्वीर के साथ लिखा, "संयुक्त राष्ट्र महासभा में आज रात (मंगलवार) 'ग्लोबल गोल्स अवार्ड्स' में शामिल होकर सम्मानित महसूस कर रही हूं। यह पुरस्कार लड़कियों द्वारा अपने जीवन को बदलने में निभाई गई भूमिका और सतत विकास लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में की गई प्रगति को दर्शाते हैं।"

प्रियंका ने भारतीय युवती रिया शर्मा को लीडरशिप पुरस्कार प्रदान किया, जो तेजाब हमले से पीड़ित महिलाओं की मदद करती है और कहा कि उन्हें उन (रिया) पर गर्व है। रिया 'मेक लव नॉट स्कार्स' की संस्थापक हैं।

राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेत्री ने कहा कि लड़कियों के सशक्तीकरण का महत्व विषय पर बोलना और वैश्विक नेताओं को संबोधित करना उनके लिए सम्मान की बात रही।

प्रियंका ने कहा कि उन्हें यूनिसेफ की सबसे कम उम्र की सद्भावना दूत मुजून अल-मेलेहान से मिलने का अवसर मिला, जो सीरियाई लड़कियों की शिक्षा के लिए अद्भुत कार्य कर रही हैं।

प्रियंका चोपड़ा ने एक्टिंग के अलावा प्रोडक्शन में भी हाथ आजमाया है। प्रियंका के प्रोडक्शन में बनी मराठी फिल्म ‘वेंटिलेटर’ को 3 राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिले हैं।

​(इनपुट- आईएनएस)

इसे भी पढ़ें-

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन