नई दिल्ली: बॉलीवुड के हीमैन कहे जाने वाले दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र आज अपना 82वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनके इस दिन पर उन्हें दुनियाभर से ढ़ेरों शुभकामनाएं हासिल हो रही हैं। धर्मेंद्र ने अपने लंबे फिल्मी करियर में कई जबरदस्त भूमिकाओं को पर्दे पर उतारा है। बता दें कि उम्र के इस पड़ाव पर आकर भी वह इंडस्ट्री में काम करते रहना चाहते हैं। इन दिनों वह अपनी फिल्म 'यमला, पगला, दीवाना: फिर से' की शूटिंग में काफी व्यस्त चल रहे हैं। धर्मेंद्र का कहना है कि वह आलसी नहीं बनना चाहते, बल्कि काम जारी रखना चाहते हैं।
Related Stories
धर्मेद्र इस साल की शुरुआत में अंतर्राष्ट्रीय फिल्म 'ड्रीम कैचर' की शूटिंग करने राजधानी आए थे। उन्होंने कहा था, "मेरा जुनून और प्यार, काम करना है। मुझे काम पसंद है। काम के बिना मैं आलसी बन जाऊंगा। मै सक्रिय रहना चाहता हूं।" पंजाब से जुड़े धर्मेद्र ने वर्ष 1960 में फिल्म 'दिल भी है तेरा हम भी तेरे' के साथ मनोरंजन-उद्योग में कदम रखा था।
वह जल्द ही मनोरंजन उद्योग में 60 वर्ष पूरे करने वाले हैं। उन्होंने कई फिल्मों से दर्शकों का मनोरंजन किया। बॉलीवुड की 'ड्रीम गर्ल' हेमा मालिनी के साथ शादी के बंधन में बंधे धर्मेंद्र को उनकी सादगी, नम्रता और जड़ों से जुड़े रहने के लिए जाना जाता है। उनका कहना है कि वह कलाकारों के बीच तुलना पसंद नहीं करते हैं। उनका कहना है कि हम सभी को दर्शकों से मिलने वाला प्यार हमारे लिए पर्याप्त है।