नई दिल्ली: पिछले दिनों मलयालम अभिनेत्री प्रिया प्रकाश वारियर को अपने एक गाने के कारण काफी विरोध झेलना पड़ा था। लेकिन अब पंजाबी फिल्मों के जाने माने सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ भी मुसीबतों में फंसते हुए दिखाई दे रहे हैं। दरअसल इन दिनों वह अपनी फिल्म 'वेलकम टू न्यूयॉर्क' को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। इसी के गाने 'पैंट में गन' के कारण अब उन्हें लेकर विरोध किया जाने लगा है। उनके इस गाने से सिख समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। दिलजीत फिल्म के इस गाने पर जमकर थिरकते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिसके बाद अब सिख कट्टरपंथियों ने उनके खिलाफ FIR दर्ज करवा दी है।
Related Stories
दरअसल सिख समुदाय का कहना है कि सिख कभी बंदूक नहीं रखते, बल्कि उनके पास कटार होती है। इसके अनुसार 'पैंट में गन' के बोले उनके धर्म के विपरित है। अब समुदाय के लोगों ने दिलजीत पर निशाना साधते हुए कहा है कि उन्हें इतनी ही बात भी नहीं पता है क्या? एक अंग्रेजी वेबसाइट की रिपोर्ट के मुताबिक दिलजीत के खिलाफ यह एफआईआर दिल्ली और अमृतसर में दर्ज करवाई गई है।
गौरतलब है कि दिलजीत पिछले कुछ वक्त से पंजाबी फिल्मों के अलावा बॉलीवुड में काफी एक्टिव हो गए हैं। उनकी फिल्म 'वेलकम टू न्यूयॉर्क' आज यानी 23 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। फिल्म में दिलजीत के अलावा सोनाक्षी सिन्हा, बोमन इरानी, रितेश देशमुख और करण जौहर जैसे सितारे भी दिखाई दे रहे हैं।