नई दिल्ली: फिल्म ‘होम एलोन’ में अपने शानदार अभिनय के लिए चर्चित रहे अभिनेता जॉन हर्ड का निधन हो गया। वे 72 साल के थे। होम एलोन में जॉन हर्ड ने मैकॉले कॉलकिन के पिता का किरदार निभाया था। कैलिफोर्नयिा के पाओ ऑल्टो में शुक्रवार को वो एक होटल में वह मृत पाए गए।
उनके प्रतिनिधि के अनुसार जॉन की पीठ की सर्जरी हुई हुई थी और वह होटल में स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे।
टीएमजेड की रिपोर्ट के अनुसार पुलिस को मेडिकल इमरजेंसी की सूचना दे कर होटल बुलाया गया, लेकिन अभिनेता को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया गया।
पालो-आल्टो पुलिस विभाग ने कहा, ''एक शख्स को मेडिकल सहायता की ज़रूरत के संबंध में सूचना मिलने के बाद हमारे अधिकारी फ़ायर डिपार्टमेंट के साथ तुरंत होटल पहुंचे।''
पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है। हालांकि पुलिस को इसमें किसी षड्यंत्र का संदेह नहीं है।
पुलिस ने कहा, ''होटल में मिले शख्स की मौत हो चुकी थी. हालांकि अभी भी जांच की जा रही है। मौत के कारणों को लेकर ज्यादा संदेह नहीं है।''