नई दिल्ली: बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने इंडिया टीवी के खास शो ‘आप की अदालत’ अपने परिवार से जुड़ी कुछ बातें भी हमें बताई। कंगना ने बताया किस तरह बचपन में घरवाले उनके और उनके भाईयों के बीच फर्क करते थे। वो कभी भी मेरे फिल्म में जाने से खुश नहीं थे। कंगना ने कहा, ‘’घरवाले कहते थे ये अपनी ही मनमानी करती थी। ये गुनाह तो मैंने किया है।‘’ कंगना ने कहा लोग मुझपर आरोप लगाते थे कि मैंने घर इसलिए छोड़ा कि मुझे अभिनेत्री बनना था और अपने पिता को गलत साबित करना था। मगर ऐसा कुछ नहीं है। कंगना ने कहा मैं छोटे गांव से थी, वहां थियेटर भी नहीं था। मैंने कभी अभिनेत्री बनने के लिए घर नहीं छोड़ा था मुझे तो पता ही नहीं था कि फिल्मों में भी करियर बनाया जा सकता है।
कंगना ने आगे कहा, मेरे घरवाले काफी स्ट्रिक्ट थे खासकर लड़कियों के लिए। हमारे घर में अलग तरह के नियम थे, भाइयों के लिए अलग रूम होते थे। कंगना ने बताया कि मैं ये नहीं कहूंगी कि मेरे घरवालों ने मेरी परवरिश अच्छे से नहीं की मगर कहीं न कहीं फर्क तो आ ही जाता था। मुझसे कहा जाता था कि लड़की पराया धन होती है। बार-बार ये एहसास दिलाया जाता था कि तुम्हें दूसरे घर जाना है। कंगना ने कहा हमें पढ़ने को भी इसलिए कहा जाता था ताकि अच्छा लड़का मिले, जो पिटाई न करे। अगर पिटाई करे भी तो पढ़ लिखकर इस काबिल बनो कि अपना कमा सको। कंगना ने कहा मुझे कभी लगा ही नहीं कि ये मेरा घर भी है। जब घर का नवीनीकरण हुआ तो भाईयों के लिए अलग रूम बना। मैंने जिद की तो कहा गया तुम्हारी शादी होगी तो वहां मिलेगा नया कमरा। बतौर कंगना इन छोटी-छोटी बातों ने मुझे और मजबूत किया और मैंने सोच लिया था कि मुझे कुछ बनना है अपना मुकाम हासिल करना है। इस वजह से मैंने घर छोड़ा था।
कंगना ने बताया कि मैं घर से भागकर दिल्ली आई और थियेटर में काम करना शुरू कर दिया। वहां थियेटर में मेरे गुरू ने मुझे बताया कि मेरी उम्र अभी 16 ही साल है और मुझे फिल्मों में ट्राय करना चाहिए जिसके बाद मैं दिल्ली आ गई।
कंगना ने बातों-बातों में ये भी बताया कि एक बार मैं पूरे परिवार के साथ मिस्टर इंडिया देख रही थी, फिल्म का गाना आया ‘काटे नहीं कटते दिन ये रात’ तो मुझे आंखें बंद करने को कह दिया गया था। लेकिन अब काफी कुछ बदल गया है अब तो लोग इंस्टाग्राम पर भी बिकनी पिक्चर अपलोड करते रहते हैं।