1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 14 सितंबर को मुंबई से यूरोप के लिए रवाना होंगी कंगना रनौत, जानिए क्यों

14 सितंबर को मुंबई से यूरोप के लिए रवाना होंगी कंगना रनौत, जानिए क्यों

 Published : Sep 10, 2020 05:37 pm IST,  Updated : Sep 10, 2020 05:47 pm IST

फिलहाल कंगना मुंबई में हैं। अपने होमटाउन से लौटने के बाद आज वो अपने दफ्तर पहुंचीं और तोड़फोड़ का जायजा लिया।

kangana ranaut- India TV Hindi
कंगना रनौत Image Source : INSTAGRAM
बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत इन दिनों सुर्खियों में हैं। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) द्वारा उनका दफ्तर तोड़े जाने के बाद अब ये लड़ाई बॉम्बे हाईकोर्ट तक पहुंच गई है। फिलहाल हाईकोर्ट ने बीएमसी के खिलाफ कंगना की याचिका पर सुनवाई को 22 सितंबर तक के लिए टाल दिया है। इस बीच बड़ी खबर सामने आ रही है कि कंगना 14 सितंबर को मुंबई से यूरोप रवाना हो रही हैं। 
 
दरअसल, कंगना रनौत अपनी फिल्म की शूटिंग के लिए 14 सितंबर को मुंबई से यूरोप के लिए रवाना होंगी। 14 सितंबर को ही उनकी तरफ से हाईकोर्ट में जवाब भी पेश करना है। कहा जा रहा है कि इसी दिन वो मुंबई से निकल जाएंगी। 
 
कंगना ने ऑफिस में तोड़फोड़ का लिया जायजा
 
फिलहाल कंगना मुंबई में हैं। अपने होमटाउन से लौटने के बाद आज वो अपने दफ्तर पहुंचीं और तोड़फोड़ का जायजा लिया। वो बहन रंगोली के साथ वहां गईं। हालांकि, कंगना ज्यादा देर तक नहीं रुकीं। उन्होंने तोड़फोड़ का वीडियो बनाया और घर चली गईं। 
 
घर-ऑफिस के बाहर सुरक्षा के इंतजाम
 
दूसरी तरफ पीटीआई के मुताबिक मुंबई पुलिस ने अभिनेत्री कंगना रनौत के उपनगर खार स्थित आवास और बांद्रा में उनके दफ्तर/बंगले के बाहर सुरक्षा बंदोबस्त किये हैं। केंद्र सरकार ने कंगना को वाई प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्रदान की है। उन्होंने हाल ही में मुंबई पुलिस की आलोचना की थी और महानगर की तुलना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से की थी, जिस पर उठे विवाद के बाद उन्हें केंद्र की ओर सुरक्षा प्रदान की गयी है। 
 
कंगना बीते बुधवार को हिमाचल प्रदेश में अपने घर से मुंबई लौटी थीं। उनके लौटने से कुछ समय पहले ही शिवसेना के नियंत्रण वाले बृहन्मुंबई महानगरपालिका बीएमसी) ने उनके बांद्रा स्थित बंगले/दफ्तर में ‘अवैध निर्माण कार्यों’ को गिराने की कार्रवाई शुरू की थी। हालांकि, कुछ समय बाद ही बंबई उच्च न्यायालय ने अभिनेत्री को राहत देते हुए बीएमसी द्वारा अवैध निर्माण को तोड़ने की प्रक्रिया पर रोक लगा दी। 
 
(रिपोर्ट: राजीव सिंह)

Latest Bollywood News

Related Video
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन