लॉस एंजेलिस: बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा एक बार फिर भारत को अंतर्राष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने जा रही हैं। वह 1990 के मशहूर टेलीविजन धारावाहिक 'बेवॉच' पर बनने वाली फिल्म 'बेवॉच' में खलनायिका होंगी। प्रियंका इस फिल्म के जरिए हॉलीवुड फिल्मों में अपनी पारी की शुरुआत करने जा रही हैं।
इसे भी पढ़े:- OSCAR 2016 की मेजबानी करेंगी प्रियंका चोपड़ा
फिल्म के एक अन्य चर्चित कलाकार ड्वेन जॉनसन ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो के जरिए इसकी घोषणा की।
जॉनसन ने वीडियो में कहा, "वह दुनिया के सबसे बड़े सितारों में से एक हैं। खूबसूरत प्रियंका चोपड़ा 'बेवॉच' में आपका स्वागत है।"
वीडियो में जॉनसन प्रियंका के साथ समुद्र किनारे नजर आ रहे हैं।

वेबसाइट 'पीपुल डॉट कॉम' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 'बेवॉच' में वह विक्टोरिया लीड्स के किरदार में नजर आएंगी।
प्रियंका इन दिनों अमेरिकी धारावाहित 'क्वांटिकों' में व्यस्त हैं। इस शो में वह में एक एफबीआई एजेंट का किरदार निभा रही हैं। अपने किरदार से उन्होंने खूब वाहवाही लूटी है। उन्होंने अपने इस सीरियल से पहले ही अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान हासिल कर चुकी हैं। उन्हें इस सीरीज के लिए हाल में नई टीवी सीरीज में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के वर्ग में पीपल च्वॉइस अवार्ड से भी नवाजा गया है।
प्रियंका ने सोशल मीडिया पर लिखा, "और अब आप सभी को आधिकारिक तौर पर बताने का समय आ गया है। यह 'बेवॉच' है। मैं खलनायिका की भूमिका सबसे अच्छी तरह निभाती हूं।" 'बेवॉच' 1990 के दशक की एक सीरीज पर आधारित फिल्म है जिसका निर्देशन सेठ गॉर्डन कर रहे हैं।
प्रियंका फिल्म के अन्य कलाकारों के साथ अगले सप्ताह से इसकी शूटिंग शुरू करेंगी।