नई दिल्ली: प्रियंका चोपड़ा को फिल्म 'भारत' छोड़े एक महीने से ज्यादा का समय हो गया है, लेकिन इस मामले पर गॉसिप होना बंद नहीं हो रहा है। फिल्म के डायरेक्टर ने ट्वीट कर बताया था कि प्रियंका ने निजी कारणों के कारण यह फिल्म छोड़ दी थी, लेकिन सलमान खान, प्रियंका के इस फैसले से खुश नजर नहीं आ रहे हैं। एक इंटरव्यू में सलमान ने कहा कि प्रियंका ने यह फिल्म करने के लिए उनकी बहन अर्पिता खान शर्मा को 1000 बार कहा था।
Related Stories
एक एंटरटेनमेंट पोर्टल से बात करते हुए सलमान ने कहा- ''अगर आपकी सगाई हो रही है तो इसकी जरूरत क्या है (फिल्म छोड़ने की)? तब उन्होंने कहा- 'शादी करनी है', जिसपर मैंने कहा- 'तो शादी कर लो।' प्रियंका का काम 75-80 दिन का था। शादी के लिए चार दिन की तैयारी और चार दिन की शादी, आठ दिन के अंदर हो गई और फिर उसके बाद हनीमून। तो हमने कहा कि हम समाधान निकाल लेंगे, लेकिन उन्होंने मन बना लिया था कि वह इस फिल्म का हिस्सा नहीं होंगी।''
हालांकि सलमान ने यह भी कहा कि यह प्रियंका के लिए भी मुश्किल रहा होगा क्योंकि वह उनके साथ काम करना चाहती थीं।
उन्होंने कहा- ''उनके लिए यह फैसला लेना मुश्किल रहा होगा क्योंकि वह मेरे साथ इस प्रोजेक्ट पर काम करने के लिए इच्छुक थीं। उन्होंने अर्पिता को 1000 बार फोन किया और कहा- 'मैं सलमान के साथ काम करना चाहती हूं।' उन्होंने अली को भी कॉल किया और कहा- 'देखना, अगर आप इस फिल्म में मेरे लिए कुछ कर सकें।'''
सलमान ने प्रियंका के इस तरह फिल्म छोड़ने के कुछ अनुमान भी लगाए। उन्होंने कहा- ''हो सकता है अपनी शादी की वजह से ना की हो या वह अब मेरे साथ काम ही नहीं करना चाहतीं। यह भी हो सकता है कि वह हमारी इंडस्ट्री (बॉलीवुड) में ही काम ना करना चाहती हों, बस हॉलीवुड में करना चाहती हों। वह जो भी करना चाहती हैं, मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। हम खुश हैं कि उन्होंने सगाई कर ली है और खुश हैं।''
'भारत' कोरियन फिल्म 'An Ode to My Father' का हिंदी रीमेक है। फिल्म में कटरीना कैफ ने प्रियंका की जगह ले ली है। सलमान-कटरीना के अलावा फिल्म में दिशा पाटनी, जैकी श्रॉफ, तब्बू, सुनील ग्रोवर भी हैं। फिल्म अगले साल ईद पर रिलीज होगी।
Also Read:
सामने आई शाहिद कपूर के बेटे ज़ैन की पहली तस्वीर, मीरा राजपूत अस्पताल से हुईं डिस्चार्ज
बीजेपी विधायक राम कदम ने शेयर की सोनाली बेंद्रे के निधन की झूठी खबर, लोगों का फूटा गुस्सा