मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री सोनम कपूर के अभिनय से सजी फिल्म 'नीरजा' में उन्होंने बेहद ही शानदार तरीके से दिवंगत हवाई परिचारिका नीरजा भनोट के किरदार को पर्दे पर उतारा था। फिल्म को दर्शकों और फिल्म समीक्षकों से काफी सरहाना हासिल हुई थी। नीरजा की भूमिका निभाने वालीं सोनम का कहना है कि उन्हें इस चरित्र ने कई मायनों में प्रेरित किया है।
इसे भी पढ़े:-
- करीना के ‘वीरे दी वेडिंग’ में न होने की खबरों पर बोलीं सोनम
- सोनम के ड्रेसिंग स्टाइल पर भूमि पेडनेकर ने कही ये बात
नीरजा को उनके 53वें जन्मदिन पर याद करते हुए सोनम ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, "जन्मदिन मुबारक नीरजा। मैं किसी अन्य दिन के बजाय आपके जन्मदिन का जश्न मनाऊंगी। आप हमेशा अंधेरे में एक प्रकाश मार्गदर्शक बनती रही हैं। आपने एक से अधिक तरीकों से मुझे प्रेरित किया है।"
उन्होंने आगे लिखा, "आपकी भूमिका को निभाकर मैंने करुणा, धैर्य, दया और सबसे बड़ी बात खुद के लिए लायक बनना सीखा है। धन्यवाद और जन्मदिन मुबारक लाडो।" इतना ही नहीं सोनम ने नीरजा की मां के साथ अपनी तस्वीर को भी शेयर की है।
राम माधवानी निर्देशित 'नीरजा' में सोनम ने नीरजा की भूमिका को निभाया था, जो अपहरण किए गए अमेरिकी विमान के यात्रियों को बचाने के लिए अपनी जान दे देती है। उल्लेखनीय है कि 5 सितंबर, 1986 को आतंकवादियों ने विमान कंपनी पैन एम की उड़ान संख्या 73 को कराची में अगवा किया था। नीरजा भनोट इसमें परिचारिका थीं। विमान में सवार यात्रियों को आतंकवादियों से बचाने की कोशिश में नीरजा की जान चली गई।