नई दिल्ली: साउथ सुपरस्टार नागार्जुन 15 साल बाद बॉलीवुड में वापसी करने के लिए तैयार हैं। लंबे समय से खबर आ रही थी कि नागार्जुन करण जौहर की फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ में नजर आ सकते हैं, अब करण जौहर ने ट्वीट करके खुद इस बात की पुष्टि कर दी है।
Related Stories
करण जौहर ने अपने ट्विटर हैंडल से नागार्जुन के साथ फिल्म की पूरी टीम की एक तस्वीर शेयर की है। तस्वीर के साथ करण जौहर ने लिखा है- हम बहुत उत्साहित हैं कि हमारी फिल्म ब्रह्मास्त्र में नागार्जुन बेहद अहम भूमिका में नजर आने वाले हैं। आपके प्यार और ऊर्जा के लिए आपका शुक्रिया सर।
इस तस्वीर में नागार्जुन के साथ आलिया भट्ट, रणबीर कपूर भी नजर आ रहे हैं। इससे पहले फिल्म की एक्ट्रेस मौनी रॉय ने भी नागार्जुन के साथ तस्वीर शेयर की थी।
इससे पहले नागार्जुन ने महेश भट्ट की फिल्म जख्म की थी। इसके बाद 2003 में आखिरी बार वो जेपी दत्ता की फिल्म एलओसी कारगिल में एक छोटे से रोल में नजर आए थे।
फिल्म 'ब्रह्मास्त्र' का निर्देशन अयान मुखर्जी कर रहे हैं, फिल्म में आलिया भट्ट और रणबीर कपूर लीड रोल में हैं। अमिताभ बच्चन भी फिल्म में अहम भूमिका में नजर आएंगे। यह दूसरी बार है जब अमिताभ और नागार्जुन एकसाथ स्क्रीन शेयर करेंगे। इससे पहले दोनों साल 1992 में आई फिल्म खुदा गवाह में सात नजर आए थे।