1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. ऐश्वर्या राय और थलपति विजय को पछाड़ 14 साल का छोटू शूटर बना सबसे पॉपुलर एक्टर, सैफ अली खान की फिल्म ने बनाया फेमस

ऐश्वर्या राय और थलपति विजय को पछाड़ 14 साल का छोटू शूटर बना सबसे पॉपुलर एक्टर, सैफ अली खान की फिल्म ने बनाया फेमस

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : May 28, 2026 02:27 pm IST,  Updated : May 28, 2026 02:28 pm IST

IMDb ने हर हफ्ते की तरह इस हफ्ते भी सबसे पॉपुलर एक्ट्रेस की लिस्ट जारी की है, लेकिन इस बार पहला स्थान हासिल करने वाला नाम आपको जरूर चौंकाएगा। इस लिस्ट में 14 साल के बच्चे पहला स्थान हासिल किया है, वो भी शाहरुख, ऐश्वर्या और विजय जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ते हुए।

aishwarya rai, yaduvir ahlawat thalapathy vijay- India TV Hindi
ऐश्वर्या राय, युधवीर और विजय Image Source : AP, PTI, STILL FROM KARTAVYA

इंटरनेट मूवी डेटाबेस हर हफ्ते दुनिया भर के करोड़ों यूजर्स की सर्च और प्रोफाइल विजिट के आधार पर सबसे लोकप्रिय भारतीय फिल्मी हस्तियों की एक सूची जारी करता है। आमतौर पर इस लिस्ट में उन बड़े सितारों का दबदबा होता है जिनकी फिल्में सिनेमाघरों में चल रही हों या ओटीटी पर रिलीज हुई हों। लेकिन हाल ही में जब IMDb इंडिया ने अपनी ताजा टॉप 30 सेलिब्रिटीज की लिस्ट जारी की तो शीर्ष पर एक ऐसा चौंकाने वाला नाम सामने आया जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। एक युवा अभिनेता ने ऐश्वर्या राय, थलपति विजय और मोहनलाल जैसे दिग्गज वैश्विक सुपरस्टार्स को पछाड़कर नंबर वन का पायदान अपने नाम कर लिया है, जबकि ये सभी दिग्गज कलाकार इन दिनों किसी न फिर किसी वजह से लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं।

कौन है युधवीर अहलावत, जिसने IMDb लिस्ट में मचाई हलचल?

इस हफ्ते IMDb की लोकप्रियता की सूची में शीर्ष स्थान हासिल करने वाले कलाकार का नाम युधवीर अहलावत है। यह युवा अभिनेता इन दिनों नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई फिल्म 'कर्तव्य' में अपने शानदार अभिनय के लिए दर्शकों और समीक्षकों से खूब वाहवाही बटोर रहा है। सैफ अली खान स्टारर इस फिल्म में युधवीर ने एक 14 साल के किशोर की बेहद चुनौतीपूर्ण भूमिका निभाई है, जिसे बहला-फुसलाकर एक मर्डर करने के लिए राजी कर लिया जाता है और सैफ अली खान का पुलिसिया किरदार उसकी सुरक्षा करने की जिम्मेदारी उठाता है। 15 मई को नेटफ्लिक्स पर फिल्म के प्रीमियर के बाद से ही युधवीर के अभिनय की चौतरफा तारीफ हो रही है, जिसके चलते दुनिया भर के फैंस उनके बारे में जानने के लिए लगातार उनकी IMDb प्रोफाइल पर जा रहे हैं। मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले युधवीर ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत साल 2019 में आई फिल्म 'सांड की आंख' से की थी। इसके बाद वह चर्चित फिल्म 'लव हॉस्टल' और वेब सीरीज 'को-एड' में भी अपनी अदाकारी का जलवा बिखेर चुके हैं। हालांकि, अपनी बेहद कम उम्र और मासूम दिखने वाले लुक्स को लेकर उन्होंने कुछ समय पहले एक साक्षात्कार में स्पष्ट किया था कि वह दिखने में भले ही बहुत छोटे लगते हों, लेकिन असल जिंदगी में वह नाबालिग नहीं हैं।

ऐश्वर्या, विजय और शाहरुख खान जैसे दिग्गजों को दी शिकस्त

युधवीर अहलावत की यह कामयाबी इसलिए भी ऐतिहासिक है क्योंकि उन्होंने जिन सितारों को पीछे छोड़ा है, उनका रुतबा इंडस्ट्री में बहुत बड़ा है। इस सूची में कान्स फिल्म फेस्टिवल में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने वाली खूबसूरत अभिनेत्री ऐश्वर्या राय तीसरे स्थान पर रहीं। वहीं, हाल ही में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री का पदभार संभालने वाले साउथ के महानायक थलपति विजय चौथे पायदान पर रहे। इसके अलावा जूनियर एनटीआर 24वें स्थान पर खिसक गए, जबकि बॉलीवुड के 'किंग' शाहरुख खान तो टॉप 30 की इस लिस्ट से ही बाहर हो गए।

युधवीर की इस शानदार जीत पर इंटरनेट और सोशल मीडिया यूजर्स ने भी जमकर खुशी जाहिर की है। IMDb इंडिया के आधिकारिक इंस्टाग्राम पोस्ट पर कमेंट करते हुए एक यूजर ने लिखा, 'युधवीर इस नंबर वन रैंकिंग के हकदार हैं, इस लड़के ने बिना किसी गॉडफादर के अपने दम पर यह मुकाम हासिल किया है।' वहीं एक अन्य प्रशंसक ने उनके अभिनय की तुलना 'जख्म' फिल्म के कुणाल खेमू और 'मासूम' के जुगल हंसराज के बचपन के कल्ट किरदारों से कर डाली।

कैसे तय होती है IMDb की यह साप्ताहिक रैंकिंग?

IMDb के आधिकारिक नियमों के अनुसार इस सूची में उन भारतीय कलाकारों, निर्देशकों, सिनेमाटोग्राफर्स और लेखकों को शामिल किया जाता है जो वैश्विक स्तर पर ट्रेंड कर रहे होते हैं। इस रैंकिंग को तय करने का पैमाना पूरी तरह से पारदर्शी और डेटा पर आधारित होता है। दुनिया भर के लगभग 250 मिलियन से अधिक मंथली एक्टिव यूजर्स जिस सेलिब्रिटी की प्रोफाइल को सबसे ज्यादा बार सर्च करते हैं या विजिट करते हैं, उसी के आधार पर हर हफ्ते यह लिस्ट तैयार की जाती है। साफ है कि इस बार युधवीर अहलावत के काम ने वैश्विक दर्शकों के दिलों को ऐसा छुआ कि लोगों ने उन्हें इंटरनेट पर सबसे ज्यादा सर्च किया।

ये भी पढ़ें: 'देखा है तेरी आंखों को' का क्यूट चॉकलेटी हीरो याद है? 25 साल बाद हो गया और भी हैंडसम, TV की वैंप को बनाया लेडी लक

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन