ओटीटी पर आए दिन कुछ नया कंटेंट दर्शकों के लिए हाजिर कर दिया जाता है। जनवरी में भी कई नई फिल्मों ने ओटीटी पर दस्तक दी, जिनमें यामी गौतम-इमरान हाशमी स्टारर 'हक' से लेकर अजय देवगन, रकुल प्रीत सिंह स्टारर 'दे दे प्यार दे 2' शामिल हैं। आने वाले दिनों में भी '120 बहादुर' और 'मस्ती 4' जैसी फिल्मों ओटीटी पर रिलीज के लिए तैयार हैं। इस बीच 2025 की एक सुपर फ्लॉप फिल्म ने भी गुपचुप अंदाज में ओटीटी पर दस्तक दे दी है। ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं, क्योंकि इसकी डिजिटल स्ट्रीमिंग को लेकर कोई शोर-शराबा नहीं हुआ, बस धीरे से ये फिल्म ओटीटी पर दर्शकों के लिए उतार दी गई। हम बात कर रहे हैं जुलाई 2025 में रिलीज हुई हॉरर-थ्रिलर 'निकिता रॉय' की।
'निकिता रॉय' एक साइकोलॉजिकल हॉरर-थ्रिलर है, जिसमें सोनाक्षी सिन्हा लीड रोल में हैं। फिल्म में उनके साथ अर्जुन रामपाल, सुहैल नय्यर और परेश रावल जैसे कलाकार भी अहम रोल में हैं। ये फिल्म जुलाई 2025 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, लेकिन दर्शकों को इसकी भनक तक नहीं लगी। फिल्म कब आई और कब गई, किसी को पता भी नहीं चला और इसी के साथ ये फिल्म ऑल टाइम डिजास्टर बनकर रह गई। हालांकि, अब ओटीटी रिलीज के बाद इसे दर्शकों से ठीक-ठाक रिस्पॉन्स मिल रहा है।
जब इस फिल्म का ऐलान हुआ, इसके काफी चर्चे रहे। क्योंकि, फिल्म में भाई-बहन की जोड़ी काम कर रही थी। निकिता रॉय में जहां सोनाक्षी सिन्हा लीड रोल में थीं तों वहीं ये उनके भाई कुश का डायरेक्टोरियल डेब्यू था। फिल्म रिलीज हुई और जिसने भी देखी सोनाक्षी के अभिनय की तारीफ की। लेकिन, फिल्म को दर्शक फिर भी नसीब नहीं हुए। असर ये हुआ कि करीब 25 करोड़ के बजट में बनी ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर डेढ़ करोड़ का आंकड़ा भी नहीं छू पाई और 1.28 करोड़ में ही सिमट गई और इसी के साथ सोनाक्षी की फिल्म पर डिजास्टर का ठप्पा लग गया।
फिल्म की कहानी की बात करें तो IMDb पर 5.7 रेटिंग वाली इस फिल्म की कहानी बर्फीले बियाबान घर में रहने वाले सनल रॉय (अर्जुन रामपाल) से होती है, जो एक अनजाने डर से जूझ रहा है। उसे हर पल ये एहसास होता है कि कोई उसे मारना चाहता है और इसी डर और भ्रम के चलते वो अपनी जान ले लेता है। सनल, निकिता रॉय (सोनाक्षी सिन्हा) का भाई था। पुलिस सनल की मौत को सुसाइड मानती है, जबकि निकिता इसकी जांच में किसी और दिशा में पहुंच जाती है और जाने-माने आध्यात्मिक गुरु बाबा अमरदेव (परेश रावल) तक पहुंच जाती है। निकिता को पता चलता है कि सनल, अमरदेव के झूठ का पर्दाफाश करने वाला था। तो क्या बाबा अमरदेव ही सनल की मौत का जिम्मेदार है? इन सवालों के जवाब आपको 'निकिता रॉय' ही देगी, जो अब ओटीटी प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम हो चुकी है।
ये भी पढ़ेंः कौन हैं मल्लिका प्रसाद? 'मर्दानी 3' की विलेन 'अम्मा', जिससे है शिवानी शिवाजी रॉय का सामना
प्रेमानंद महाराज से मिलने पहुंचे कुमार सानू, सुनाया गाना, मिली ऐसी नसीहत भावुक हो गए सिंगर
संपादक की पसंद