भारतीय फिल्मों की पहचान इनके कलाकारों और कहानी के साथ-साथ इनके गानों से भी जुड़ी होती है। भारतीय फिल्मों में गाने का क्या महत्व है, इस बात से सभी वाकिफ हैं। एक फिल्म में 4-5 गाने होना तो तय ही माना जाता है। मेकर्स फिल्म की कहानी आते ही इसके गानों पर भी काम शुरू कर देते हैं। हर मूड के हिसाब से एक गाना। इन दिनों हर तरफ 'धुरंधर 2' और इसके गाने धूम मचा रहे हैं। म्यूजिक में वो ताकत होती है जो किसी भी आम से पल को रोमांटिक और किसी भी सीन को ज्यादा गहरा बनाने की ताकत रखते हैं। इस बीच हम आपको सालों पहले आई एक फिल्म के बारे में बताते हैं, जिसके गाने आज भी लोगों के फेवरेट हैं और सबसे खास बात यही वो फिल्म है, जिसने एआर रहमान का भी करियर संवारा था।
फिल्म को मिले थे 11 अवॉर्ड
हम बात कर रहे हैं 1992 में रिलीज हुई मणिरत्नम की फिल्म 'रोजा' की। मधु और अरविंद स्वामी स्टारर फिल्म की कहानी ने दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बना ली थी। फिल्म की कहानी रोजा नाम की एक लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसके पति को कश्मीर में आतंकवादी अगवा कर लेते हैं। इसके बाद रोजा अपने पति को वापस लाने की जद्दोजहद कती है। देशभक्ति के साथ-साथ इस फिल्म में पति-पत्नी के प्यार को बखूबी दिखाया गया था। इस फिल्म की कहानी के साथ ही इसके गानों को भी खूब पसंद किया गया। इस फिल्म में कुल 5 गाने थे और खास बात ये है कि इन सभी गानों को एआर रहमान ने कंपोज किया था। रिलीज के बाद इस फिल्म ने 11 बड़े अवॉर्ड अपने नाम किए, जिनमें राष्ट्रीय पुरस्कार भी शामिल था।
एआर रहमान ने कंपोज किए थे रोजा के गाने
'रोजा' के गानों की बात करें तो इसमें ‘भारत हमको जान से प्यारा है’, ‘रोजा जानेमन’, ‘ये हसीं वादियां’, ‘दिल है छोटा सा’ और ‘रुक्मणि रुक्मणि’ जैसे गाने थे और इन सभी गानों को एआर रहमान ने कंपोज किया था और इससे भी खास बात ये है कि ये रहमान की डेब्यू फिल्म थी, जिसके लिए उन्होंने बेस्ट म्यूजिक का अवॉर्ड भी मिला। यही वो फिल्म थी, जिसने एआर रहमान के करियर को रफ्तार दी थी।
रोजा की आईएमडीबी रेटिंग
1992 में रिलीज हुई रोजा को 40वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड में भी सम्मानित किया गया। एआर रहमान को बेस्ट म्यूजिक डायरेक्शन का तमिलनाडु फिल्म राज्य फिल्म पुरस्कार और फिल्मफेयर बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर पुरस्कार (तमिल) भी मिला। वैरामुथु को 'चिन्ना चिन्ना आसाई' के लिए सर्वश्रेष्ठ गीतकार का नेशनल फिल्म अवॉर्ड मिला और मिनमिनी ने इसी गाने के लिए बेस्ट फीमेल प्लेबैक सिंगर का तमिलनाडु राज्य फिल्म पुरस्कार अपने नाम किया। आज भी इस फिल्म के गाने खूब पसंद किए जाते हैं और यूट्यूब पर इन्हें करोड़ों व्यूज मिल चुके हैं। इस फिल्म का बजट 2.20 करोड़ था और बॉक्स ऑफिस पर इसने 5.60 करोड़ का कलेक्शन किया था। आईएमडीबी पर फिल्म को 8.1 की रेटिंग मिली है।
साल की शुरुआत में एक बयान पर छिड़ा विवाद
एआर रहमान पिछले दिनों अपने एक बयान को लेकर चर्चा में रहे। इस साल की शुरुआत में ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान ने कहा था कि उन्हें बॉलीवुड में काम मिलना बंद हो चुका है। उन्होंने इसकी वजह बदलते 'पावर डायनेमिक्स' और 'सांप्रदायिक एंगल' को बताया था। उनके इस बयान पर इतना बवाल हुआ कि एआर रहमान को सामने आकर अपने बयान पर सफाई देनी पड़ी और माफी मांगनी पड़ी। एआर रहमान के इस बयान पर सिर्फ बॉलीवुड ही नहीं राजनीतिक गलियारों में भी हलचल पैदा हो गई थी।
ये भी पढ़ेंः पवन सिंह को तगड़ा झटका, बिना इजाजत एक्ट्रेस की कमर पर रखा हाथ, महिला आयोग ने भेजा नोटिस