एक्ट्रेस और डांसर नोरा फतेही एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन अपने किसी अपकमिंग प्रोजेक्ट नहीं बल्कि अपनी निजी जिंदगी को लेकर। नोरा मोरक्कन मूल की एक्ट्रेस और डांसर हैं, जिन्होंने बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई है। मगर पिछले कुछ दिनों से नोरा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियां बटोर रही हैं। नोरा का नाम अशरफ हकीमी के साथ जुड़ रहा है। इन अफवाहों को तब हवा मिली जब नोरा अफ्रीकी कप ऑफ नेशंस के मैच में पहुंची थीं और मोरक्को नेशनल फुटबॉल टीम को चीयर करती दिखी थीं। तो चलिए आपको बताते हैं कि अशरफ हकीमी कौन हैं?
कौन हैं अशरफ हकीमी?
अशरफ हकीमी एक मशहूर फुटबॉलर हैं और पेरिस सेंट-जर्मेन और मोरक्को नेशनल टीम के लिए खेलते हैं। अशरफ PSG की उस टीम का हिस्सा हैं, जिसने पिछले साल चैंपियंस लीग में जीत हासिल की थी और फ्रेंच लीग का टाइटल अपने नाम किया था। अशरफ पीएसजी से पहले इंटर मिलान, बोरुसिया डॉर्टसिया और रियल मैड्रिड जैसे क्लब्स के लिए खेल चुके हैं। मैड्रिड में पैदा हुए हकीमी ने रियल मैड्रिड एकेडमी से ट्रेनिंग ली और दुनिया के टॉप फुटबॉलर्स में अपनी जगह बनाई।
क्यों चुनी मोरक्को टीम?
दरअसल, अशरफ हकीमी के माता-पिता मोरक्को के अरब मूल से हैं, जिसके चलते हकीमी ने भी मोरक्को टीम चुनी। फिलहाल वह 27 साल के हैं और टीम के कप्तान भी हैं। हकीमी की निजी जिंदगी की बात करें तो उन्होंने 2020 में शादी की थी और 2023 में दोनों का तलाक हो गया। उनके दो बच्चे भी हैं। तलाकशुदा हकीमी पर रेप का आरोप भी लग चुका है। मामला 2023 का पेरिस का है, जिसकी जांच अब तक चल रही है। हालांकि, अशरफ हकीमी का दावा है कि उन पर ये आरोप ब्लैकमेलिंग और एक्सटॉर्शन के इरादे से लगाए गए हैं और इसी के साथ उन्होंने खुद पर लगे सभी आरोपों को खारिज किया है।
नोरा फतेही से जुड़ा नाम
अब अशरफ हकीमी का नाम नोरा फतेही से जुड़ रहा है, जिसके चलते उनका नाम और भी ज्यादा सुर्खियों में है। हालांकि, अब तक ना तो अशरफ हकीमी ने इन अफवाहों पर प्रतिक्रिया दी है और ना ही नोरा फतेही ने। मगर सोशल मीडिया पर इनके डेटिंग के चर्चे जोरों पर हैं, ऐसे में फैंस नोरा फतेही के इन अफवाहों पर रिएक्शन का इंतजार कर रहे हैं।
ये भी पढ़ेंः ग्लैमरस डॉल हैं करण औजला की पत्नी, 10 साल चली आशिकी, सिंगर कहलाने लगे नंबर 1 लवर बॉय, अब लगा चीटिंग का आरोप