1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. अजय देवगन ने माना कि 'सिंघम अगेन' में थी कमियां, बोले- 'घुस-घुस के मारने का...'

अजय देवगन ने माना कि 'सिंघम अगेन' में थी कमियां, बोले- 'घुस-घुस के मारने का...'

 Written By: Priya Shukla
 Published : Jan 28, 2025 10:33 pm IST,  Updated : Jan 28, 2025 10:34 pm IST

'सिंघम' अजय देवगन के फैंस की सबसे पसंदीदा फ्रेंचाइजी में से रही है, लेकिन 2024 में रिलीज हुई 'सिंघम अगेन' को दर्शकों से कुछ खास रिस्पॉन्स नहीं मिला, जिस पर अब अजय देवगन ने खुलकर बात की। उन्होंने माना कि सिंघम अगेन में कई कमियां थीं।

Ajay Devgn- India TV Hindi
सिंघम अगेन के निराशाजनक बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर अजय देवगन ने किया रिएक्ट Image Source : INSTAGRAM

रोहित शेट्टी के निर्देशन में बनी 'सिंघम अगेन' 2024 में दिवाली के मौके पर रिलीज हुई। रोहित शेट्टी और फिल्म के कलाकारों ने इसके प्रमोशन में कोई कमी नहीं छोड़ी थी। अजय देवगन के फैंस को इस फिल्म से बड़ी उम्मीदें थीं। फिल्म में अजय देवगन और करीना कपूर के अलावा अक्षय कुमार, रणवीर सिंह, दीपिका पादुकोण और टाइगर श्रॉफ जैसे कलाकारों की भी टोली थी। लेकिन, जब ये फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हुई तो दर्शक कुछ खास खुश नहीं हुए। फिल्म को दर्शकों और क्रिटिक्स से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली। दर्शकों को 'सिंघम अगेन' सिंघम फ्रेंचाइजी की अन्य दो फिल्मों की तुलना में फीकी लगी। जिस पर अब अजय देवगन ने खुलकर बात की है।

सिंघम अगेन की आलोचना पर अजय देवगन ने कही ये बात

अजय देवगन ने हाल ही में जी रियल हीरोज अवॉर्ड 2025 में हिस्सा लिया, जहां उनसे सिंघम अगेन को दर्शकों से मिली प्रतिक्रिया के बारे में पूछा गया। इस पर रिएक्ट करते हुए अजय देवगन ने कहा- 'मुझे लगता है ये रिएक्शन मुझे काफी लोगों से मिला है। तो आगे से ध्यान रखेंगे कि वो जो सिंघम का फील था, घुस-घुस के मारने का, वो आगे जरूर रहेगा।'

दर्शकों को सिंघम अगेन से थीं खासी उम्मीदें

जब रोहित शेट्टी की ओर से 'सिंघम अगेन' का ऐलान किया गया था तो फैंस काफी एक्साइटेड हो गए थे। क्योंकि, इसमें अजय देवगन के अलावा करीना कपूर, दीपिका पादुकोण, अक्षय कुमार, रणवीर सिंह, टाइगर श्रॉफ और अर्जुन कपूर जैसे कलाकारों की टोली थी। लेकिन, जब फिल्म रिलीज हुई तो दर्शकों को थिएटर में वो अनुभव नहीं मिला, जिसकी उन्हें उम्मीद थी। लेकिन, धीरे-धीरे ही सही, सिंघम अगेन ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 250 करोड़ का कलेक्शन कर ही लिया। हालांकि, फिल्म का बजट भी काफी ज्यादा था।

इस फिल्म से मिली थी सिंघम अगेन को टक्कर

अजय देवगन और करीना कपूर स्टारर 'सिंघम अगेन' बॉक्स ऑफिस पर कार्तिक आर्यन, विद्या बालन, माधुरी दीक्षित और तृप्ति डिमरी स्टारर 'भूल भुलैया 3' से टकराई थी, जिसने इसके कलेक्शन को काफी प्रभावित किया। सिंघम अगेन ने ओपनिंग डे पर 43.5 करोड़ का तगड़ा कलेक्शन किया था। मगर शो देखकर निकले दर्शकों ने इसे कुछ खास पसंद नहीं किया।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन