बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार अपनी फिटनेस और अनुशासित जीवनशैली के लिए हमेशा चर्चा में रहते हैं। वह न सिर्फ वर्कआउट के प्रति समर्पित हैं, बल्कि अपने खान-पान और दिनचर्या को लेकर भी बेहद सख्त नियमों का पालन करते हैं। हाल ही में एक किताब 'योर बॉडी ऑलरेजी नोज' की लॉन्चिंग के दौरान अक्षय ने अपनी लाइफस्टाइल से जुड़ी कुछ अहम बातें साझा कीं, जिनमें सबसे दिलचस्प बात रही उनका हर सोमवार को उपवास रखना है। उन्होंने खुलासा किया वो 36 घंटे के करीब कुछ नहीं खाते पीते। इस प्रक्रिया को वो कैसे पूरा करते हैं, इस पर भी उन्होंने बात की। साथ ही फिटनेस के लिए कई और ट्रिप्स और ट्रिक्स भी साझा कीं।
लगभग 36 घंटे का उपवास करते हैं अक्षय
अक्षय ने बताया कि वह हर हफ्ते रविवार रात को अपना अंतिम भोजन करते हैं और इसके बाद मंगलवार सुबह तक कुछ नहीं खाते। यानी लगभग 36 घंटे तक वह उपवास रखते हैं। इस दौरान वह सिर्फ पानी या कभी-कभी नारियल पानी ही लेते हैं। उनका मानना है कि इस तरह का उपवास शरीर को रुकने, आराम करने और खुद को रिपेयर करने का मौका देता है। उन्होंने कहा, 'जब हम लगातार खाना खाते रहते हैं तो पेट को कभी आराम नहीं मिलता। लेकिन जब आप उसे कुछ घंटों के लिए खाली छोड़ते हैं तो वह खुद को हील करता है।' उनके उपवास के पीछे कोई धार्मिक नहीं बल्कि फिटनेस से जुड़े कारण अधिक हैं।
यहां देखें वीडियो
क्यों अक्षय जल्दी खाते हैं खाना?
अक्षय का मानना है कि आजकल अधिकतर बीमारियों की जड़ पेट है। गलत समय पर खाना, देर रात भोजन करना और बार-बार खाते रहना हमारी पाचन प्रक्रिया को नुकसान पहुंचाता है। इसलिए वह न सिर्फ डिनर शाम 6:30 बजे तक कर लेते हैं, बल्कि हर सोमवार उपवास रखकर अपने शरीर को रीसेट करने का मौका भी देते हैं। उन्होंने इसे बहुत ही आसान भाषा में समझाते हुए कहा, 'सोचिए जब आप सोते हैं, तब शरीर के सभी अंग आराम कर रहे होते हैं, लेकिन पेट नहीं। अगर आप देर रात खाना खाते हैं तो सोते समय भी पेट काम कर रहा होता है। इससे न सिर्फ नींद खराब होती है, बल्कि पाचन भी।'
इस तरह करते हैं डिटॉक्स
उन्होंने यह भी साफ किया कि यह उपवास कोई धार्मिक या पारंपरिक रीति नहीं, बल्कि एक हेल्थ प्रैक्टिस है। उनका उद्देश्य है शरीर को समय देना, ताकि वह खुद को डिटॉक्स कर सके। वे मानते हैं कि ऐसा करने से न केवल ऊर्जा बढ़ती है, बल्कि मानसिक स्पष्टता भी आती है। वर्कआउट की बात करें तो अक्षय पारंपरिक जिम की बजाय प्राकृतिक गतिविधियों पर भरोसा करते हैं। वह रॉक क्लाइम्बिंग, स्विमिंग, रनिंग जैसे खेलों के जरिए खुद को फिट रखते हैं। उन्होंने मजाक में कहा कि उनका जिम बंदरों के लिए बना है, जहां सिर्फ लटकना और खेलना होता है, वेट लिफ्टिंग नहीं। अक्षय की ये जीवनशैली दिखाती है कि डिसिप्लिन और सही खान-पान से उम्र को मात देना मुमकिन है।
इन फिल्मों में नजर आएंगे अक्षय
अगर अक्षय कुमार के वर्कफ्रंट की बात करें तो उनके पास कई फिल्मों का लाइनअप हैं, कुछ अभी पाइपलाइन में हैं तो कई रिलीज के लिए तैयार हैं। एक्टर जल्द ही 'जॉली एलएलबी 3' में नजर आने वाले हैं। वो 'भूत बंगला', 'हेरा फेरी 3' और 'वेलकम टू द जंगल' का भी हिस्सा हैं। आखिरी बार एक्टर 'हाउसफुल 5' में नजर आए थे।