1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. अमिताभ बच्चन ने पहली बार पिता हरिवंश राय की पहली पत्नी के बारे में की बात, बोले- बाबू जी डिप्रेशन में थे

अमिताभ बच्चन ने पहली बार पिता हरिवंश राय की पहली पत्नी के बारे में की बात, बोले- बाबू जी डिप्रेशन में थे

 Written By: Priya Shukla
 Published : Oct 16, 2024 07:14 am IST,  Updated : Oct 16, 2024 07:14 am IST

कौन बनेगा करोड़पति के मंच पर अक्सर अमिताभ बच्चन अपने और अपने परिवार से जुड़े किस्से शेयर करते रहते हैं। अब उन्होंने अपने पिता हरिवंशराय बच्चन से जुड़ा एक किस्सा शेयर किया और बताया कि उनके पिता ने दो शादियां की थीं। उनकी पहली पत्नी का निधन हो गया था, जिससे वह बुरी तरह टूट गए थे।

amitabh bachchan- India TV Hindi
पिता हरिवंश राय बच्चन और मां तेजी बच्चन के साथ अमिताभ बच्चन। Image Source : INSTAGRAM

कौन बनेगा करोड़पति 16 के हालिया एपिसोड में अमिताभ बच्चन ने अपने पिता हरिवंश राय बच्चन के बारे में बात की। वह अक्सर अपने माता-पिता के बारे में बात करते हैं और उनसे जुड़े किस्से, उनकी सीख सबके साथ शेयर करते हैं। लेकिन, इस बार बिग बी ने पिता हरिवंश राय बच्चन की जिंदगी के उस पहलू के बारे में बात की जिसके बारे में कम ही लोग जानते हैं। अमिताभ बच्चन ने इस बार अपने पिताजी की पहली पत्नी से जुड़ा किस्सा सुनाया और साथ ही ये भी बताया कि उनकी मां यानी तेजी बच्चन से पिता हरिवंश राय बच्चन की मुलाकात कैसे और कब हुई।

पहली पत्नी के निधन के बाद गंभीर स्थिति में चले गए थे हरिवंश राय बच्चन

अमिताभ बच्चन ने पिता हरिवंश राय बच्चन और उनकी पहली पत्नी से जुड़ा किस्सा शेयर करते हुए बताया कि उनके पिता की पहली पत्नी का निधन हो गया था। बिग बी ने कहा- 'मेरे बाबूजी की पहली पत्नी का निधन हो गया था। पत्नी के गुजर जाने के बाद वह बहुत ही गंभीर स्थिति में पहुंच गए थे। वह उदास रहने लगे थे। पहली पत्नी के निधन के बाद उन्होंने जो भी कविताएं लिखीं, उनमें दुख-दर्द की झलक मिलती है। कुछ सालों बाद, उन्होंने पैसे कमाने के लिए कवि सम्मेलन में जाना शुरू कर दिया।'

बरेली दोस्त के घर गए थे हरिवंश राय बच्चन

अमिताभ आगे कहते हैं- 'बरेली में उनके एक दोस्त रहते थे, उन्होंने बाबूजी को मिलने के लिए बुलाया। बाबूजी उनसे मिलने गए। डिनर के दौरान बाबूजी के दोस्त ने उनसे कविता सुनाने का अनुरोध किया। लेकिन, इससे पहले कि मेरे पिता कविता सुनाना शुरू करते उनके दोस्त ने अपनी पत्नी से मेरी मां (तेजी बच्चन) को बुलाने को कहा। वहीं बाबूजी की हमारी माताजी के साथ पहली मुलाकात हुई थी। मां के आने के बाद बाबूजी ने 'क्या करूं संवेदना लेकर तुम्हारी' कविता सुनाना शुरू किया और मां ये कविता सुनकर रो पड़ीं। पिताजी के दोस्त ने मां और पिताजी को कमरे में अकेला छोड़ दिया और खुद बाहर चले गए।'

1941 में हुई थी हरिवंश राय बच्चन और तेजी बच्चन की शादी

'पिताजी के दोस्त थोड़ी देर बाद एक माला लेकर माला लेकर आए और उनसे कहा कि इसे उसे पहना दो। बस उसी दिन पिताजी ने तय कर लिया था कि अब वह अपनी आगे की जिंदगी हमारी माताजी के साथ बिताएंगे।' हरिवंश राय बच्चन ने 1941 में तेजी बच्चन से शादी की थी। इस शादी से दोनों के दो बच्चे हुए, जिनका नाम अमिताभ और अजिताभ बच्चन रखा।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन