1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. कालकाजी पार्क गैंगरेप केस में साजिश का एंगल, फोन में मिले अश्लील वीडियो; पिस्टल और चाकू बरामद

कालकाजी पार्क गैंगरेप केस में साजिश का एंगल, फोन में मिले अश्लील वीडियो; पिस्टल और चाकू बरामद

 Reported By: Abhay Parashar,  Written By: Malaika Imam
 Published : Sep 24, 2026 09:11 am IST,  Updated : Sep 24, 2026 09:21 am IST

दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास नाबालिग से गैंगरेप मामले में पुलिस साजिश के एंगल से भी जांच कर रही है। एक आरोपी के पास से पिस्टल, चाकू और कंडोम बरामद किए गए हैं।

कालकाजी पार्क गैंगरेप मामला- India TV Hindi
कालकाजी पार्क गैंगरेप मामला Image Source : ANI

दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास पार्क में नाबालिग से गैंगरेप मामले में साजिश के एंगल का खुलासा हुआ है। नाबालिग से गैंगरेप के तीन में से एक आरोपी आसिफ को एनकाउंटर के बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इसके बाद दो और आरोपी भाई मुकेश और हेमंत पकड़े गए थे।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी आसिफ के मोबाइल फोन में कई अश्लील वीडियो मिले। वहीं, आरोपी मुकेश और हेमंत ने कथित तौर पर अपनी सर्च हिस्ट्री डिलीट कर दी थी। अब जांच एजेंसियां तीनों आरोपियों की डिजिटल एक्टिविटी और फुटप्रिंट खंगाल रही हैं। जांच में शक है कि तीनों आरोपियों ने सोमवार शाम 17 साल की लड़की को निशाना बनाने से पहले पूरी साजिश रची थी।

"जनाब" जैसे शब्द बोल रहे थे

आरोप है कि लड़की अपने जन्मदिन पर दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में एक दोस्त के साथ मौजूद थी। इसी दौरान आरोपी खुद को पुलिसकर्मी बताकर उसके पास पहुंचे। आरोपियों ने लड़की और उसकी दोस्त को यकीन दिलाने के लिए पुलिस जैसी भाषा का इस्तेमाल किया। वे "जनाब" जैसे शब्द बोल रहे थे और धमकियां भी दे रहे थे, ताकि दोनों को लगे कि वे पुलिसकर्मी हैं।

हथियार और कंडोम बरामद 

पुलिस ने आसिफ के पास से एक पिस्टल, चाकू और कंडोम बरामद होने के बाद FIR में आपराधिक साजिश की धाराएं भी जोड़ दी हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के मोबाइल फोन फोरेंसिक जांच के लिए भेजे हैं। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या आसिफ हमेशा हथियार लेकर चलता था और क्या उसने इसी तरह पार्क में पहले भी दूसरी महिलाओं को निशाना बनाया है। 

PCR कॉल के बाद मौके पर पहुंची पुलिस

घटना के बाद आरोपी भाई हेमंत और मुकेश एक खाने की दुकान पर गए और फिर श्रीनिवासपुरी स्थित अपने घर लौट आए। वहां उन्होंने अपने कपड़े धोए, ताकि सबूत मिटाए जा सकें। आरोप है कि उन्होंने लड़की को घटना के बारे में किसी को बताने पर धमकी भी दी। लेकिन बाद में लड़की ने अपनी दोस्त को पूरी बात बताई, जिसके बाद दोस्त ने PCR को फोन कर पुलिस को सूचना दी। घटना के बाद करीब रात 8:45 बजे PCR कॉल की गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नाबालिग को मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद नाबालिग काफी डरी हुई थी।

ये भी पढ़ें-

रेजिडेंट डॉक्टर की मौत के बाद AIIMS जोधपुर में हड़ताल, सिर्फ इमरजेंसी सेवाएं जारी; 5 करोड़ मुआवजा समेत कई मांगें

दिल्ली वालों को आज बारिश के साथ आंधी-तूफान का करना पड़ सकता है सामना, जानें UP-बिहार समेत अन्य राज्यों का मौसम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।