पैन इंडिया स्टार प्रभास की 'द राजा साब' भले ही दर्शकों को खुश न कर सकी हो, लेकिन इससे पहले आई 'कल्कि 2898 एडी' पर दर्शकों ने खूब प्यार लुटाया था और इसी की बदौलत ये साल की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक बन गई। इस फिल्म में प्रभास के साथ दीपिका पादुकोण, अमिताभ बच्चन और कमल हासन जैसे स्टार्स नजर आए थे। फिल्म की अपार सफलता के बाद, निर्माता अब इसके सीक्वल की तैयारी में जुट गए हैं। पहले भाग की रिलीज के बाद से ही प्रशंसक कल्कि 2898 एडी के दूसरे भाग का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस बीच फिल्म को लेकर एक नया अपडेट सामने आया है, जिसके अनुसार 'कल्कि 2898 ईस्वी' के सीक्वल में 40 साल बाद अमिताभ बच्चन और कमल हासन एक दूसरे का सामना करते नजर आएंगे।
कल्कि 2898 एडी के सीक्वल में आमने-सामने होंगे दो मेगास्टार
अमिताभ बच्चन और कमल हासन आखिरी बार 1985 की फिल्म 'गिरफ्तार' में आमने-सामने नजर आए थे और अब करीब 40 साल बाद फिर दोनों स्टार्स की आपस में भिड़ंत देखने को मिलेगी। क्योंकि, नाग अश्विन की फिल्म में जहां बिग बी पॉजिटिव रोल में हैं तो वहीं कम हासन एक खलनायक के किरदार में हैं। पिंकविला की रिपोर्ट के अनुसार, सीक्वल की कहानी वहीं से शुरू होगी, जहां पहला भाग खत्म हुआ था। नाग अश्विन इस बार भविष्य की दुनिया को और भी व्यावक रूप में दर्शकों के सामने लाने जा रहे हैं।
कल्कि 2898 ईस्वी के सीक्वल की रिलीज डेट
बताया जा रहा है कि नाग अश्विन ने कल्कि 2 पर काम शुरू कर दिया है और ये फिल्म दिसंबर 2027 में सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है। वहीं कल्कि 2 की शूटिंग का एक बड़ा हिस्सा अगले साल अप्रैल तक खत्म होने की संभावना है और इस बीच प्रभास, अमिताभ बच्चन, कमल हासन और साई पल्लवी (दीपिका को रिप्लेस किया है) भी तब तक अपनी-अपनी फिल्मों की शूटिंग पूरी कर लेंगे।
कल्कि 2898 ईस्वी के सीक्वल के बारे में और जानकारी
सूत्रों के अनुसार, निर्माता फिल्म के दूसरे भाग में व्यापक विज़ुअल इफेक्ट्स का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिसके चलते फिल्म निर्माता पोस्ट-प्रोडक्शन में काफी समय देने वाले हैं। बताया जा रहा है कि 'कल्कि 2' का दायरा और पैमाना पहली फिल्म से भी कहीं अधिक होने वाला है। फिल्म में कई जबरदस्त एक्शन सीक्वेंस भी देखने को मिल सकते हैं, जिनकी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इस फ्रेंचाइजी के सबसे आकर्षक किरदारों में से से एक कमल हासन का किरदार, 'सुप्रीम यास्किन' है। पहली फिल्म में उनकी ज्यादा झलक देखने को नहीं मिली थी, मगर दूसरे में उनके किरदार को ज्यादा स्क्रीन स्पेस दिया जाएगा। नाग अश्विन द्वारा लिखित और निर्देशित इस फ्रेंचाइजी का निर्माण विजयंती मूवीज़ कर रही है। फिल्म में प्रभास, अमिताभ बच्चन, कमल हासन और साई पल्लवी जैसे स्टार नजर आएंगे।
ये भी पढ़ेंः एक्ट्रेस जिसके बाथरूम से निकली नोटों की गड्डियां, कोर्ट में खुलेआम कहा था- 'जिस्मफरोशी से कमाए हैं पैसे'