मिडिल ईस्ट में बढ़ते सैन्य तनाव और अमेरिका-इजराइल-ईरान के बीच छिड़े संघर्ष ने आम नागरिकों के साथ-साथ मनोरंजन जगत के सितारों के परिवारों को भी गहरे संकट में डाल दिया है। मशहूर पंजाबी सिंगर और अभिनेता एमी विर्क ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी और 6 साल की मासूम बेटी फिलहाल यूएई में फंसी हुई हैं। इस खबर ने उनके प्रशंसकों को झकझोर कर रख दिया है। एक्टर ने लंबे पोस्ट में अपना दर्द बया किया और बताया कि वो बेहद चिंतित हैं और टीवी पर आने वाली हर खबर उनके लिए पर्सनल है।
एमी विर्क को हाल ही में 'खेल खेल में' और 'बैड न्यूज' जैसी बॉलीवुड फिल्मों में देखा गया था, ने इंस्टाग्राम पर अपनी व्यथा साझा की। उन्होंने बताया कि हालांकि वे पंजाब में रहते हैं, लेकिन मौजूदा हालातों के बीच उनकी पत्नी और बेटी का यूएई में होना उनके लिए किसी बुरे सपने जैसा है। एमी ने अपनी बेटी के साथ हुई बातचीत का एक बेहद मार्मिक हिस्सा साझा किया। उनकी 6 साल की बेटी ने उन्हें ढांढस बंधाते हुए कहा, 'पापा, अगर कुछ हुआ तो मैं बिस्तर के नीचे छिप जाऊंगी। मैं एक मजबूत लड़की हूं, आप चिंता मत करो।' एमी ने लिखा कि एक पिता के तौर पर ये शब्द सुनना दिल दहला देने वाला है और हर न्यूज अपडेट अब उन्हें व्यक्तिगत चोट की तरह महसूस हो रहा है।
एम्मी ने लंबे पोस्ट में लिखा है, 'UAE के हालात मेरे दिल पर भारी पड़ रहे हैं। मेरी पत्नी और मेरी 6 साल की बेटी वहीं हैं, और एक पति और पिता होने के नाते, ऐसे समय में इमोशनल और टेंशन में न रहना नामुमकिन है। "पापा अगर कुछ हुआ तो मैं अपने बिस्तर के नीचे छिप जाऊंगी। मैं एक मजबूत लड़की हूं पापा चिंता मत करो" यह वो नहीं है जो एक पिता सुनना चाहता है। हर न्यूज़ अपडेट पर्सनल लगता है। हम पब्लिक लाइफ में कितने भी मज़बूत बनने की कोशिश करें, आखिर में हम परिवार के लोग ही हैं। साथ ही मुझे पता है कि और भी बहुत से परिवार इसी डर और चिंता से गुजर रहे हैं। मेरी दुआएं सिर्फ मेरे अपनों के लिए नहीं हैं, बल्कि हर उस इंसान के लिए हैं जो इससे प्रभावित है। मैं UAE अधिकारियों और UAE सरकार की कोशिशों को भी मानना और उनकी तारीफ करना चाहता हूं। मुझे जो बताया जा रहा है, उसके हिसाब से वे इस समय लोगों को सुरक्षित और सपोर्टेड रखने के लिए बहुत मेहनत कर रहे हैं। इसके लिए मैं सच में उनका शुक्रगुजार हूं। आइए वहां शांति, स्थिरता और सभी की भलाई के लिए दुआ करते रहें। यह दौर जल्द ही गुजर जाए और सभी परिवार सुरक्षित और सुरक्षित महसूस करें।'
अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित होने के बावजूद, एमी विर्क ने उन सभी परिवारों के प्रति सहानुभूति व्यक्त की जो इस डर और अनिश्चितता के साये में जी रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी प्रार्थनाएं केवल उनके अपनों के लिए नहीं, बल्कि इस संघर्ष से प्रभावित हर व्यक्ति के लिए हैं। साथ ही, उन्होंने विषम परिस्थितियों में लोगों को सुरक्षित रखने के लिए यूएई सरकार और वहां के अधिकारियों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रशासन लोगों को सहयोग देने के लिए कड़ी मेहनत कर रहा है, जिसके लिए वे उनके शुक्रगुजार हैं।
अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते टकराव का सीधा असर अंतरराष्ट्रीय यात्रा पर पड़ा है। सुरक्षा कारणों से पूरे मिडिल ईस्ट का एयरस्पेस (हवाई क्षेत्र) बंद कर दिया गया है, जिसके कारण यूएई और आसपास के देशों से आने-जाने वाली सभी उड़ानें रोक दी गई हैं। इंडिगो, अकासा एयर, कतर एयरवेज और एमिरेट्स जैसी बड़ी एयरलाइंस ने अपने ऑपरेशन्स अस्थायी रूप से बंद कर दिए हैं। इस वजह से हज़ारों भारतीय अबू धाबी और दुबई जैसे शहरों में फंसे हुए हैं, जो अब सुरक्षित वापसी का इंतज़ार कर रहे हैं।
एमी विर्क के अलावा, खेल और फिल्म जगत की कई अन्य हस्तियां भी इस क्षेत्र में फंसी हुई हैं। बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु, एक्टर विष्णु मांचू, सोनल चौहान, ईशा गुप्ता और श्रीजा कोनिडेला जैसे सितारों ने सोशल मीडिया पर अपनी स्थिति साझा की है। ये सभी कलाकार अलग-अलग कारणों से वहां मौजूद थे और अब हवाई मार्ग बंद होने के कारण वहीं रुकने पर मजबूर हैं। सभी सितारे और उनके परिवार सुरक्षित घर वापसी के लिए शांति और स्थिरता की प्रार्थना कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें: जॉन अब्राहम से बोमन ईरानी तक, 7 सितारे जिनका ईरान से है सीधा कनेक्शन, रगों में दौड़ता है पारसी खून
संपादक की पसंद