1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 18 साल की हुई फिल्म वेलकम, अनीस बज्मी और अनिल कपूर ने किए शूटिंग के खुलासे, स्क्रिप्ट सुनते समय लगा था डर

18 साल की हुई फिल्म वेलकम, अनीस बज्मी और अनिल कपूर ने किए शूटिंग के खुलासे, स्क्रिप्ट सुनते समय लगा था डर

 Written By: Shyamoo Pathak
 Published : Dec 21, 2025 02:35 pm IST,  Updated : Dec 21, 2025 02:35 pm IST

फिल्म वेलकम ने आज 18 साल पूरे कर लिए हैं और अनिल कपूर के साथ डायरेक्टर अनीस बज्मी ने इसे याद किया है। अनिल कपूर ने बताया कि स्क्रिप्ट सुनकर उन्हें डर लगा था लेकिन फिल्म बनने के बाद मजा आया।

Anil Kapoor- India TV Hindi
अनिल कपूर Image Source : INSTAGRAM@ANILSKAPOOR

अनिल कपूर, फिरोज खान, अक्षय कुमार, नाना पाटेकर, परेश रावल, कैटरीना कैफ, मल्लिका शेरावत स्टारर फिल्म 'वेलकम' 21 दिसंबर 2007 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। डायरेक्टर अनीस बज्मी की इस कॉमेडी फिल्म ने आज 18 साल पूरे कर लिए हैं। फिल्म में 'मजनू भाई' का किरदार निभाने वाले अनिल कपूर ने इस अवसर पर दिवंगत फिरोज खान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके यादगार किरदार आरडीएक्स के बिना फिल्म वैसी नहीं होती। अनिल कपूर ने बताया कि शुरुआत में जब उन्होंने स्क्रिप्ट सुनी तो उन्हें आश्चर्य हुआ कि फिल्म कैसी बनेगी। हालांकि अनीस बज्मी को पूरा भरोसा था कि फिरोज खान की मौजूदगी फिल्म को और भी बेहतर बना देगी।

पोस्ट शेयर कर बताई शूटिंग की फीलिंग

अनिल कपूर ने 'वेलकम' के 18 साल पूरे होने पर पुरानी यादों को ताजा करते हुए अपने X (पहले ट्विटर) पर दिवंगत फिरोज खान के साथ फिल्म की कुछ तस्वीरें साझा कीं और साथ ही 1986 में आई उनकी फिल्म 'जनबाज़' की एक ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर भी पोस्ट की। कैप्शन में उन्होंने लिखा, 'वेलकम के 18 साल। ये फिरोज खान साहब के लिए है। आरडीएक्स के बिना 'वेलकम', 'वेलकम' नहीं थी, ठीक वैसे ही जैसे 'मिस्टर इंडिया' मोगैम्बो के बिना अधूरी थी। दोनों ही अतुलनीय हैं, बस।' अनिल कपूर ने आगे याद करते हुए कहा, 'मुझे स्क्रिप्ट सुनकर हैरानी हुई थी कि ये कैसी बनेगी। फिल्म यहां रुक जाती है, बैठ जाती है। अनीस भाई ने कहा, चिंता मत करो… फिरोज साहब फिल्म उठा लेंगे।' और उन्होंने ऐसा ही किया। आरडीएक्स ने फिल्म को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया। ये फिल्म, ये किरदार, ये पागलपन, ये जादू।'

अनीस बज्मी का पोस्ट

इसी बीच अनीस बज्मी ने भी वेलकम के 18 साल पूरे होने पर इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर किया जिसमें उन्होंने लिखा कि वेलकम के 18 साल… और प्यार जरा भी कम नहीं हुआ। मजनू-उदय की मस्ती से लेकर घुंघरू के अनमोल रिएक्शन तक, राजीव की मासूमियत से लेकर आरडीएक्स के स्वैग तक – हर किरदार हमारे दिलों में बसा रहा, जिंदा रहा और परिवार का हिस्सा बन गया। वेलकम एक मिजाज, एक पहचान और एक सुकून देने वाली फिल्म बन गई। आपके प्यार, हंसी और वेलकम को बार-बार अपनी ज़िंदगी में शामिल करने के लिए धन्यवाद।

वेलकम फ्रैंचाइजी

वेलकम फ्रैंचाइजी जिसकी शुरुआत 2007 में अनीस बज्मी की फिल्म वेलकम से हुई थी और जिसके बाद 2015 में वेलकम बैक आई और अपने बेमिसाल हास्य और यादगार किरदारों की वजह से आज भी दर्शकों की पसंदीदा बनी हुई है। फिल्म निर्माताओं ने 2023 में 'वेलकम टू द जंगल' फ्रेंचाइजी के तीसरे भाग की घोषणा की। अहमद खान इस फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं और अक्षय कुमार और परेश रावल पिछली फिल्मों से वापसी करेंगे। लेकिन नाना पाटेकर और अनिल कपूर द्वारा निभाए गए उदय और मजनू के लोकप्रिय किरदार 'वेलकम टू द जंगल' का हिस्सा नहीं हैं।

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन