Sunday, February 22, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. 'द केरल स्टोरी 2' पर भड़के अनुराग कश्यप, विवादित बीफ सीन पर फूटा गुस्सा, बोले- 'फिल्ममेकर लालची है'

'द केरल स्टोरी 2' पर भड़के अनुराग कश्यप, विवादित बीफ सीन पर फूटा गुस्सा, बोले- 'फिल्ममेकर लालची है'

Written By: Priya Shukla Published : Feb 22, 2026 02:48 pm IST, Updated : Feb 22, 2026 02:48 pm IST

विपुल अमृतलाल शाह की फिल्म 'द केरल स्टोरी 2' के विवादित बीफ सीन पर अनुराग कश्यप का भी गुस्सा फूट पड़ा है। उन्होंने फिल्म को 'प्रोपैगेंडा' फिल्म बताते हुए नाराजगी जताई और मेकर्स पर निशाना साधा है।

anurag kashyap- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@ANURAGKASHYAP10/@ULKAGUPTA अनुराग कश्यप ने 'द केरल स्टोरी 2' को बताया 'प्रोपैगेंडा' फिल्म।

विपुल अमृतलाल शाह और उनके बैनर 'सनशाइन पिक्चर्स' के सपोर्ट से बनी 'द केरल स्टोरी 2 – गोज बियॉन्ड' का ट्रेलर हाल ही में जारी किया गया, जिसे लेकर अब एक नया विवाद शुरू हो गया है। फिल्म के ट्रेलर में दिखाए गए कुछ सीन्स को लेकर कॉन्ट्रोवर्सी शुरू हो गई है, खासतौर पर बीफ वाले सीन को लेकर। 2023 में आई 'द केरल स्टोरी' की सफलता के बाद विपुल शाह 'द केरल स्टोरी 2' लेकर आ रहे हैं, जिसके निर्देशक कामाख्या नारायण सिंह हैं। फिल्म 27 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म के थिएटरों में आने से पहले अब इसे लेकर बवाल खड़ा हो चुका है  और इस विवाद पर अब बॉलीवुड के जाने-माने निर्देशक अनुराग कश्यप ने भी प्रतिक्रिया दी है और फिल्म की कड़े शब्दों में आलोचना की है।

द केरल स्टोरी 2 पर अनुराग कश्यप

अनुराग कश्यप से कोच्चि एयरपोर्ट के बाहर जब 'द केरल स्टोरी 2' और इसके 'बीफ सीन' पर सवाल किया गया तो उन्होंने इसकी कड़े शब्दों में निंदा की। निर्देशक कहते हैं- 'द केरल स्टोरी पूरी तरह से बकवास है। ये पूरी तरह से प्रोपेगेंडा फिल्म है। ऐसे कौन बीफ खिलाता है, ऐसे तो कोई खिचड़ी भी नहीं खिलाता। मुझे नहीं पता कि इस फिल्म का क्या इरादा है। वह सिर्फ पैसे बनाना चाहते हैं, लोगों को बांटना चाहते हैं। फिल्ममेकर एक लालची इंसान है, वो सिर्फ पैसे बनाना चाहता है।'

प्रोड्यूसर्स को जारी हुआ नोटिस

बता दें, पिछले हफ्ते ही 'द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड' के प्रोड्यूसर्स को केरल हाई कोर्ट ने एक लिखित पिटीशन पर नोटिस जारी किया है, जिसमें सीबीएफसी (सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन) से फिल्म को मिले सर्टिफिकेसन को चुनौती दी गई है। कोर्ट ने उस पिटीशन पर विचार करते हुए द केरल स्टोरी 2 के मेकर्स के खिलाफ ये नोटिस जारी किया है, जिसमें फिल्म के टीजर और ट्रेलर को लेकर आपत्ति जाहिर की गई है। बता दें, कन्नूर जिले के शिकायतकर्ता श्रीदेव नम्बूथिरी का कहना है कि फिल्म में तीन अलग-अलग राज्यों की महिलाओं और उनके साथ घटी घटनाओं को दिखाया गया है, जबकि टाइटल में सिर्फ केरल की ही छवि को खराब और बदनाम करने की कोशिश की गई है।

केरल के मुख्यमंत्री ने भी जताई आपत्ति

बता दें, फिल्म का ट्रेलर जारी होने के बाद केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने भी 'द केरल स्टोरी 2' को लेकर नाराजगी जताई थी और इसे एक प्रोपैगेंडा फिल्म बताया था। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें लिखा- 'नफरत फैलाने वाली फिल्म 'द केरल स्टोरी' के सीक्वल की रिलीज से जुड़ी खबरों को गंभीरता से लेना चाहिए। पहले भाग में छिपी सांप्रदायिक साजिश और सरासर झूठ को भांपते हुए केरल एक बार फिर हमारे धर्मनिरपेक्ष ताने-बाने को बदनाम करने की इस कोशिश को सिरे से खारिज करेगा। यह बेहद चौंकाने वाला है कि सांप्रदायिक दंगे भड़काने के उद्देश्य से गढ़ी गई कहानियों को खुली छूट मिल जाती है, जबकि कला की आलोचनात्मक अभिव्यक्ति को दबा दिया जाता है। हमें एकजुट होकर अपनी सद्भावपूर्ण भूमि को आतंक का अड्डा साबित करने की इन कोशिशों का विरोध करना होगा। सत्य की जीत हमेशा होगी।'

कब रिलीज हो रही है द केरल स्टोरी 2?

विपुल अमृतलाल शाह और उनके बैनर 'सनशाइन पिक्चर्स' के सपोर्ट से बनी 'द केरल स्टोरी 2 – गोज बियॉन्ड' का ट्रेलर 18 फरवरी को जारी किया गया था। वहीं फिल्म 27 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। कामाख्या नारायण सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म का ट्रेलर तीन हिंदू लड़कियों की कहानी सामने लेकर आता है, जिनकी जिंदगी तब बदल जाती है जब उन्हें मुस्लिम लड़कों से प्यार हो जाता है और धीरे-धीरे उनके सामने इस प्यार के पीछे छिपा धर्म परिवर्तन का एक सोचा-समझा एजेंडा सामने आता है।

ये भी पढ़ेंः लिवर कैंसर के बाद नई मुसीबत में दीपिका कक्कड़, पेट में अचानक उठा तेज दर्द, पहुंचीं अस्पताल, सताई चिंता

आमिर खान अपनी ब्लॉकबस्टर से नहीं थे खुश, डायरेक्टर को भी सता रही थी चिंता, रिलीज होते ही मिला सरप्राइज

Latest Bollywood News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन

Advertisement
Advertisement
Advertisement