बॉलीवुड एक्ट्रेस अनुष्का शर्मा खुशी के सातवें नहीं, बल्कि नौवें आसमान पर हैं और वजह है उनके पति विराट कोहली की टीम रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की ऐतिहासिक जीत। 18 साल के लंबे इंतजार के बाद RCB ने पहली बार IPL ट्रॉफी अपने नाम की और इस जीत को पूरी टीम ने विराट कोहली को समर्पित किया, जो शुरुआत से इस फ्रेंचाइजी का हिस्सा रहे हैं। इस जीत की खुशी में पत्नी अनुष्का भी पूरी तरह से भागीदार बनी हैं। क्रिकेटर ने अपनी जीत को टीम के बाद अपनी पत्नी के साथ भी सेलिब्रेट किया है।
वायरल हुआ था ये वीडियो
मैच के बाद के एक इमोशनल पल में जब टीम ने जीत का जश्न मनाया विराट और अनुष्का को एक-दूसरे को गले लगाते और नम आंखों से भावनाएं साझा करते हुए देखा गया। मैदान पर जैसे ही अनुष्का पहुंचीं विराट ने उन्हें गले लगाया और दोनों की आंखों में जीत की भावनाओं से भरे आंसू झलक उठे। यह दिल छू लेने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है और फैंस इसे खूब पसंद कर रहे हैं। अब अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मिली इस जीत के बाद RCB की टीम बेंगलुरु लौट आई है और आज उनकी विजय परेड और सेलिब्रेशन की तैयारियां जोरों पर हैं।
अनुष्का ने दिखाया ये वीडियो
टीम की बस को विधान सौधा की ओर जाते हुए अनुष्का ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में दिखाया, जहां कर्नाटक के मुख्यमंत्री की ओर से उन्हें सम्मानित किया जाएगा। वीडियो में सड़कों पर उमड़े सैकड़ों प्रशंसकों की झलक भी दिखाई गई, जो RCB को देखने और उनकी जीत का हिस्सा बनने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। अनुष्का ने इस वीडियो को कैप्शन दिया, 'नम्मा बेंगलुरु के मौजूदा दृश्य।' वहीं उन्होंने एक और वीडियो भी साझा किया जिसमें उन्होंने बताया कि किस तरह से कर्नाटक के लोग इस खास पल का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे और वो अब सालों के इंतजार के बाद आया है। इन वीडियो में विराट कोहली हाथ में ट्रॉफी लिए दिख रहे हैं, वहीं बस के बाहर लोगों की भारी भीड़ टीम का सपोर्ट करती नजर आ रही है।

विजय परेड में भगदड़
बता दें कि RCB की विजय परेड आज शाम 5 बजे IST से शुरू होगी और बाद में टीम अपने घरेलू मैदान चिन्नास्वामी स्टेडियम में एक शानदार सेलिब्रेशन करती नजर आएगी। यह जीत सिर्फ RCB की नहीं, बल्कि विराट और अनुष्का जैसे तमाम फैंस और शुभचिंतकों के लिए भी एक यादगार और भावनात्मक पल बन गई है।