1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. 'इस उम्र में मेरा नाम बदनाम मत करिए', तड़के 4 बजे अनीता कंवल ने शेयर किया वीडियो, बोलीं- संपन्न परिवार से आती हूं

'इस उम्र में मेरा नाम बदनाम मत करिए', तड़के 4 बजे अनीता कंवल ने शेयर किया वीडियो, बोलीं- संपन्न परिवार से आती हूं

 Written By: Priya Shukla
 Published : Oct 22, 2026 08:13 am IST,  Updated : Oct 22, 2026 08:13 am IST

दिग्गज अभिनेत्री अनीता कंवल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए आर्थिक परेशानी की अफवाहों पर प्रतिक्रिया दी और नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि वह एक संपन्न परिवार से आती हैं, इसलिए इस उम्र में उनके नाम को इस तरह बदनाम ना किया जाए।

anita kanwal- India TV Hindi
अनीता कंवल। Image Source : INSTAGRAM/@ANITAKANWAL_ACTOR

अनीता कंवल मनोरंजन जगत की जानी-मानी हस्ती हैं। टीवी के साथ-साथ उन्होंने कई फिल्मों में भी अभिनय किया है। पिछले कुछ दिनों से अनीता कंवल आर्थिक तंगी की अफवाहों को लेकर चर्चा में थीं। इस बीच अभिनेत्री ने एक वीडियो शेयर किया है और आर्थिक तंगी से जुड़ी अफवाहों पर नाराजगी जाहिर की है। अनीता कंवल ने कहा कि करीब छह महीने पहले उन्होंने एक इंटरव्यू दिया था, जिसके बाद उनकी बातों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी किसी से आर्थिक मदद नहीं मांगी, लेकिन उनकी बातों को इस तरह पेश किया गया जैसे उन्होंने किसी से आर्थिक मदद मांगी हो, लेकिन ऐसा नहीं है।

अनीता कंवल ने जताई नाराजगी

अनीता कंवल ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी वाली खबरों ने उन्हें परेशान कर दिया है। उन्होंने बताया कि इन खबरों ने उन्हें इतना परेशान कर दिया है कि वह ठीक से सो तक नहीं पा रही हैं। अनीता कंवल कहती हैं- 'सुबह के 4 बजे हैं और मैं ठीक से सो तक नहीं पा रही हूं, क्योंकि कुछ न्यूज वाले मेरे बारे में ऐसी बातें लिख रहे हैं, जिसके चलते मुझे तकलीफ हो रही है। छह महीने पहले मैंने एक इंटरव्यू दिया था, जिसमें मुझसे पूछा गया कि अगर मुझे काम नहीं मिला तो मैं खुद को आर्थिक तौर पर कितने देर तक संभाल पाऊंगी, तो मैंने कहा था डेढ़ साल तक।'

अमिताभ बच्चन का दिया उदाहरण

अनीता कंवल आगे कहती हैं- 'मेरी इन बातों को इस तरह पेश किया गया, जैसे मैं आर्थिक मदद मांग रही हूं। लेकिन, ऐसा नहीं है। जब अमिताभ बच्चन, यश चोपड़ा के पास काम मांगने गए थे और कहा कि मेरे पास काम नहीं है और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, तब तो किसी ने कुछ नहीं कहा था। लेकिन, आज हर कोई कह रहा है कि अभिनेत्रियां ऐसी ही होती हैं। मैं एक बहुत ही संपन्न और सम्मानित परिवार से आती हूं। हां, कुछ गलत इन्वेस्टमेंट हुए थे, जो किसी के भी साथ हो सकता है। मगर आज भी मुझमें कमाने की ताकत है। इतनी हिम्मत है कि खुद को 10 साल तक संभाल सकती हूं।'

काम नहीं मिल रहा था

अनीता कंवल ने बताया कि वह इन दिनों सोशल मीडिया से अच्छी-खासी कमाई कर रही हैं। वह कहती हैं- 'हां, मुझे काम नहीं मिल रहा था, लेकिन ये बात 6 महीने पहले की है। उसके बाद, मैंने इंस्टाग्राम पर रील्स शेयर करना शुरू किया और मुझे एक फिल्म मिल गई। आज मुझे इंस्टाग्राम पर कोलैबोरेशन मिल रहे हैं और मैं इसे लेकर बहुत खुश हूं। मैंने पहली बार किसी चैनल, किसी ओटीटी के सपोर्ट के बिना अपना 25 एपिसोड का रील ड्रामा बनाया है। कहा जा रहा है कि मेरे पास पैसे नहीं हैं, ये गलत है। मैं आर्थिक तंगी में नहीं हूं। मैं बिलकुल ठीक हूं, अपना फ्यूचर सिक्योर करने की कोशिश कर रही हूं। इस उम्र में मेरा नाम ऐसे बदनाम मत करिए।'

ये भी पढ़ेंः 'एक महीने में तिहाड़ जेल पहुंच गया', 400 कैमरे के सामने राहुल महाजन ने किया पिता प्रमोद महाजन का अंतिम संस्कार, रोते-रोते सुनाई दर्र भरी दास्तां

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। TV से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।