अर्चना पूरन सिंह और परमीत सेठी के बेटे आर्यमान सेठी इन दिनों अपने नए घर को लेकर चर्चा में हैं। आर्यमान ने हाल ही में अपने सोशल मीडिया फॉलोअर्स को अपने नए मैंशन का टूर कराया। मुंबई के मड आइलैंड में स्थित यह आलीशान घर अभी पूरी तरह तैयार नहीं हुआ है और यहां रिनोवेशन का काम चल रहा है। हालांकि, घर के कई हिस्से अब लगभग तैयार हो चुके हैं। आर्यमान ने अपने वीडियो के जरिए घर के गार्डन, लिविंग एरिया, इंटीरियर और खास आर्टवर्क की झलक दिखाई। घर को देखकर साफ पता चलता है कि इसे तैयार करने में डिजाइन और डिटेलिंग पर काफी ध्यान दिया गया है।
हरे-भरे गार्डन से होती है घर की शुरुआत
आर्यमान के होम टूर की शुरुआत घर के बाहरी हिस्से से होती है। मड आइलैंड में मौजूद इस प्रॉपर्टी के आसपास काफी हरियाली नजर आती है। घर के प्रवेश द्वार तक पहुंचने वाले हिस्से में पेड़-पौधे और घनी हरियाली इसे नेचुरल लुक देती है। घर के बाहरी हिस्से को इस तरह डिजाइन किया गया है कि आसपास का माहौल शांत और खुला महसूस हो। वीडियो में आर्यमान गार्डन से होते हुए घर के अंदर जाते हैं और फिर दर्शकों को मुख्य लिविंग स्पेस दिखाते हैं।
बड़े-बड़े विंडोज हैं घर की खासियत
घर के अंदर पहुंचते ही सबसे ज्यादा ध्यान बड़े आकार की खिड़कियों पर जाता है। इन खिड़कियों से कमरे में भरपूर प्राकृतिक रोशनी आती है, जिससे पूरा लिविंग एरिया काफी खुला और हवादार दिखाई देता है। दीवारों के लिए हल्के रंगों का इस्तेमाल किया गया है, जबकि लाइटिंग और फ्लोरिंग को भी इसी थीम के मुताबिक रखा गया है। आर्यमान ने बताया कि घर का फाइनल सेटअप लगभग पूरा हो चुका है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि घर के बेसलाइन अपडेट के तौर पर शेयर किए जा रहे ये वीडियो आखिरी अपडेट्स में से हैं।
डिजाइन के मुताबिक तैयार किया गया इंटीरियर
आर्यमान के मुताबिक घर के इंटीरियर को तैयार करते समय लाइटिंग और टेक्सचर पर खास ध्यान दिया गया है। कमरे में अभी पूरी तरह फर्नीचर नहीं लगाया गया है और कई चीजों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके बावजूद घर का लुक काफी सॉफ्ट और एलिगेंट नजर आता है। हल्के रंगों की दीवारों के साथ दरवाजों और खिड़कियों का डिजाइन भी काफी सिंपल रखा गया है। आर्यमान ने बताया कि इंटीरियर की लाइटिंग और टेक्सचर वैसा ही नजर आ रहा है, जैसा डिजाइनिंग के समय उन्होंने सोचा था।
भगवान शिव-पार्वती की खास पेंटिंग
घर के इंटीरियर में आर्टवर्क भी अहम भूमिका निभाता है। आर्यमान ने एक बड़ी कस्टम पेंटिंग दिखाई, जिसमें भगवान शिव और माता पार्वती नजर आते हैं। उन्होंने बताया कि इस पेंटिंग को खास तौर पर घर के लिए तैयार करवाया गया है। आर्यमान के मुताबिक इस आर्टवर्क को तैयार करने के दौरान कई छोटी-छोटी डिटेल्स पर विचार किया गया था। खास तौर पर भगवान शिव की तीसरी आंख से जुड़ी डिटेलिंग को भी डिजाइन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया गया। उनका मानना है कि यह पेंटिंग घर के माहौल में एक अलग तरह की सकारात्मक ऊर्जा जोड़ती है। बता दें, कुछ वक्त पहले आर्यमन ने एक और घर की झलक दिखाई थी, जिसे खरीदने की योजना थी।
फ्लोरिंग का काम भी चल रहा है
घर के कुछ हिस्सों में अभी काम जारी है। वीडियो में अलग-अलग जगहों पर लकड़ी की फ्लोरिंग लगाते हुए भी देखा जा सकता है। आर्यमान ने बताया कि किसी घर का पूरा लुक सिर्फ बड़े फर्नीचर या दीवारों से नहीं बनता, बल्कि छोटे-छोटे इंटीरियर एक्सेसरीज और फिनिशिंग टच भी उतने ही जरूरी होते हैं। इसलिए घर के कई हिस्सों में अभी अंतिम तैयारियां चल रही हैं। आर्यमान, जिनकी मंगेतर योगिता बिहानी हैं ने बताया कि उन्होंने घर को जानबूझकर जरूरत से ज्यादा सामान से भरने से बचाया है। उनकी कोशिश घर को मिनिमल रखने के साथ-साथ आरामदायक और कोजी बनाने की रही है। कुछ कमरों में फर्नीचर और घरेलू सामान अभी पैक या कवर किया हुआ है, क्योंकि रिनोवेशन का काम पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है।
महीनों की मेहनत के बाद तैयार हो रहा है मैंशन
आर्यमान ने अपने होम टूर के दौरान बताया कि इस घर को तैयार होने में कई महीने लगे हैं। अभी भी कुछ हिस्सों में काम बाकी है, लेकिन घर जिस तरह धीरे-धीरे आकार ले रहा है, उससे वह काफी खुश नजर आए। उनके मुताबिक घर को अपनी पसंद और सोच के मुताबिक तैयार करने में समय जरूर लगा, लेकिन अब जब चीजें अंतिम चरण में पहुंच रही हैं तो यह मेहनत सार्थक लग रही है। वीडियो के जरिए फैंस को आर्यमान के नए घर की पहली विस्तृत झलक मिली है।
ये भी पढ़ें: ‘समय रैना सॉरी’, फराह खान ने अचानक मांगी कॉमेडियन से माफी, सबा इब्राहिम के सामने कही बात