इस शुक्रवार टाइगर श्रॉफ की दमदार एक्शन फिल्म ‘बागी 4’ और विवेक अग्निहोत्री की संवेदनशील ऐतिहासिक ड्रामा ‘द बंगाल फाइल्स’ एक-दूसरे से सीधे बॉक्स ऑफिस पर भिड़ने जा रही हैं। दोनों फिल्मों की शैली, विषयवस्तु और टारगेट ऑडिएंस पूरी तरह अलग हैं। एक तरफ जहां 'बागी 4' मास एंटरटेनर है, वहीं 'द बंगाल फाइल्स' एक सोचने पर मजबूर कर देने वाली गंभीर फिल्म। हालांकि दर्शकों का अंतिम फैसला फिल्म की सफलता तय करेगा, लेकिन पहले सप्ताहांत से पहले ही ट्रेड एक्सपर्ट्स ने शुरुआती संकेतों के आधार पर अपनी राय रखी है।
'बागी 4' बनाम 'द बंगाल फाइल्स': ट्रेड एक्सपर्ट्स की राय
प्रसिद्ध ट्रेड एक्सपर्ट्स तरण आदर्श ने दोनों फिल्मों की तुलना करते हुए कहा, 'अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी, क्योंकि फिल्में रिलीज नहीं हुई हैं, लेकिन जो शुरुआती रुझान आ रहे हैं, उनसे साफ है कि 'बागी 4' की एडवांस बुकिंग और दर्शकों की रुचि 'द बंगाल फाइल्स' से कहीं ज्यादा है।' उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि दोनों फिल्मों को एक-दूसरे से तुलना करना गलत होगा। उन्होंने आगे कहा, 'इन दोनों फिल्मों की शैली और उद्देश्य अलग हैं। बागी 4 एक मेनस्ट्रीम कमर्शियल फिल्म है, जो बड़े स्तर पर रिलीज हो रही है। वहीं द बंगाल फाइल्स एक सीमित स्क्रीनों पर रिलीज होने वाली गंभीर विषय पर बनी फिल्म है। इनकी तुलना नहीं की जा सकती।
क्या दोनों फिल्में साथ चल सकती हैं?
विशेषज्ञों का मानना है कि 'बागी 4' को मल्टीप्लेक्स और सिंगल स्क्रीन दोनों में अच्छा रिस्पॉन्स मिल सकता है, वहीं 'द बंगाल फाइल्स' अपने लक्षित दर्शकों के बीच धीरे-धीरे पकड़ बना सकती है, अगर दर्शकों की प्रतिक्रिया सकारात्मक रही। फिलहाल बॉक्स ऑफिस पर दबदबा ‘बागी 4’ का दिखाई दे रहा है, लेकिन अंतिम फैसला दर्शकों की प्रतिक्रिया और वर्ड-ऑफ-माउथ पर निर्भर करेगा।
बागी 4 एडवांस बुकिंग रिपोर्ट और पहले दिन की कमाई का अनुमान
टाइगर श्रॉफ की आगामी एक्शन फिल्म ‘बागी 4’ उनके करियर के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ साबित हो सकती है। महामारी के बाद अभिनेता की पिछली कुछ फिल्में जैसे ‘गणपत’ और ‘हीरोपंती 2’ बॉक्स ऑफिस पर असफल रहीं, लेकिन इस बार माहौल कुछ अलग नजर आ रहा है। ट्रेड पोर्टल Sacnilk के अनुसार, 'बागी 4' ने रिलीज से एक दिन पहले तक 4.84 करोड़ रुपये की एडवांस कमाई कर ली है। ये कमाई ब्लॉक सीट्स को छोड़कर है और उसके साथ फिल्म की कमाई 7.67 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है। महामारी के बाद टाइगर श्रॉफ की फिल्मों के लिए अब तक की सबसे मजबूत शुरुआत है।
टाइगर के लिए बड़ी ओपनिंग
'बागी 4' की एडवांस बुकिंग ने अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ की पिछली फिल्म ‘बड़े मियां छोटे मियां’से भी बेहतर प्रदर्शन किया है। साथ ही यह 'बागी' फ्रैंचाइजी की अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग बन सकती है। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा टिकट बुकिंग देखी गई है, जो फिल्म की मजबूत क्षेत्रीय पकड़ को दर्शाती है। फिल्म को CBFC ने इसके तीव्र, रक्तरंजित और हिंसक एक्शन सीन्स के चलते ‘A’ सर्टिफिकेट दिया है, जिससे साफ है कि यह फिल्म एडल्ट दर्शकों को ध्यान में रखकर बनाई गई है।
बाघी 4 का बॉक्स ऑफिस प्रिडिक्शन
ट्रेड एक्सपर्ट अक्षय राठी के अनुसार फिल्म में दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने के लिए भरपूर मसाला और एक्शन मौजूद है। पहले दिन कम से कम 8-9 करोड़ रुपये की कमाई की उम्मीद है। यदि दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलती है, तो यह आंकड़ा 9-11 करोड़ रुपये तक भी जा सकता है। गौरतलब है कि 5 सितंबर को ईद-ए-मिलाद की छुट्टी होने के कारण, फिल्म को अतिरिक्त दर्शकों का समर्थन मिलने की पूरी संभावना है।
द बंगाल फाइल्स की एडवांस बुकिंग और प्रेडिक्शन
'द बंगाल फाइल्स' की शुरुआत काफी धीमी नजर आ रही है। फिल्म को लेकर मेकर्स ने काफी प्रचार किया है और जोरदार शुरुआत की उम्मीद कर रहे हैं, लेकिन आंकड़े किसी और दिशा में ही इशारा कर रहे हैं। 'द बंगाल फाइल्स' रिलीज से एक दिन पहले एडवांस बुकिंग में खासा कमाई करती नहीं दिखी है। फिल्म की कमाई का आंकड़ा 50 लाख भी नहीं पहुंचा है। फिल्म ने 49.34 लाख कमाए हैं। ब्लॉक्ड सीट के साथ ये आंकड़ा 1.05 करोड़ है। ऐसे में ये जाहिर हो रहा है कि ये फिल्म पहले दिन जैसे-तैसे एक करोड़ रुपये ही कमा पाएगी। इस फिल्म में स्टार फैक्टर काम करता नहीं दिख रहा है। फिल्म की कमान, पल्लवी जोशी, अनुपम खेर, मिथुन चक्रवर्ती जैसे दिग्गजों के हाथ में है।