मुंबई में आयोजित एक म्यूज़िक इवेंट विवादों में आ गया है। इवेंट के दौरान सिंगर शिल्पा राव को उनकी परफॉरमेंस के बीच ही रोक दिया गया और उनका माइक बंद कर दिया गया। माइक बंद होने के बाद भी जब शिल्पा ने अपनी परफॉर्मेंस जारी रखने का फैसला किया तो बीच में ही स्टेज की लाइटें भी बंद कर दी गईं। ऑर्गनाइजर्स के इस रवैये पर इवेंट में मौजूद कई लोगों ने सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर की है। कई लोगों ने शिल्पा के मंच पर आने से पहले हुई परफॉरमेंस पर भी सवाल उठाएं हैं। यह घटना शनिवार, 24 अक्टूबर को 'बॉम्बे म्यूज़िक प्रोजेक्ट' के दौरान हुई। अब सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि शिल्पा राव की परफॉर्मेंस को ऑर्गनाइजर्स ने बीच में ही रोक दिया, जबकि अनु मलिक और हिमेश रेशमिया जैसे सिंगर्स ने दिए गए समय से ज्यादा देर तक परफॉर्मेंस जारी रखी। वहीं कई ने अनु मलिक की बेटी अनमोल की परफॉर्मेंस पर भी सवाल खड़े किए हैं।
अनु मलिक और उनकी बेटी अदा को क्यों दोषी ठहराया जा रहा है?
दरअसल, इस म्यूजिक फेस्टिवल में अनु मलिक ने भी परफॉर्म किया था और उनकी बेटी अदा मलिक ने भी इस म्यूजिक फेस्टिवल में डांस परफॉर्मेंस दी। अदा ने 2003 की फिल्म 'कुछ तो है' के गाने 'डिंग डोंग डिंग डोले' पर डांस किया, जिसके वीडियो भी वायरल हो गए हैं। ऐसे में कुछ दर्शकों का कहना है कि शिल्पा की परफॉर्मेंस बीच में ही रोक दी गई, जबकि उसे पहले के परफॉर्मेंस में बहुत ज्यादा समय लगा। कई ने हिमेश रेशमिया द्वारा भी ज्यादा समय लिए जाने के आरोप लगाए हैं।
यूजर्स ने अदा की परफॉर्मेंस को बताया 'गैर-जरूरी'
इंस्टाग्राम पर एक यूजर ने दावा किया कि एक इवेंट मैनेजर स्टेज पर अनु मलिक के पास गए और उनसे कहा कि अब समय नहीं बचा है। लेकिन, अनु ने अपनी परफॉरमेंस जारी रखी, जिसकी वजह से और देरी हुई। यूजर ने यह भी सवाल उठाया कि इवेंट में अदा के डांस एक्ट को क्यों शामिल किया गया था। यूजर ने अदा की परफॉर्मेंस को 'पूरी तरह से गैर-जरूरी' बताते हुए कहा कि दर्शकों को अदा की परफॉर्मेंस में कुछ खास दिलचस्पी नहीं थी। अपने पोस्ट में यूजर ने लिखा- 'सिर्फ वे लोग जो BMP (बॉलीवुड म्यूजिक प्रोजेक्ट) में मौजूद थे, उन्हें ही पता होगा कि अनु मलिक (और उनकी "टीम") ने तय समय से ज्यादा वक्त लिया। यहां तक कि इवेंट मैनेजर को भी स्टेज के पास आकर उन्हें बताना पड़ा कि अब समय नहीं बचा है, फिर भी वे अपना परफॉरमेंस जारी रखे रहे। कुछ परफॉरमेंस बिल्कुल गैर-जरूरी थीं, जैसे कि यह वाली, और एक और परफॉरमेंस जो उनकी बेटी ने दी थी। उनकी बेटी के परफॉरमेंस के दौरान भीड़ बिल्कुल शांत और बेजान थी।'
सोशल मीडिया पर लोग क्या कह रहे हैं?
अदा की परफॉर्मेंस का वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पर प्रतिक्रिया देना शुरू कर दिया। एक यूजर ने लिखा, 'बिल्कुल सही। इवेंट में इस तरह के फिलर्स की बिलकुल भी जरूरत नहीं थी। समय नहीं बचा था तो इस तरह के फिलर्स को पूरी तरह हटा देना चाहिए था।' एक अन्य ने लिखा- 'हां, मेरा भी यही कहना है।' वहीं एक ने कहा कि परफॉर्मेंस के दौरान खुद अदा भी अपने एक्ट को एंजॉय करती नहीं दिखीं। हालांकि, इस बात की कोई पुष्टि नहीं है कि अनु मलिक या अदा मलिक की परफॉरमेंस के चलते शिल्पा राव की परफॉर्मेंस रोक दी गई।
शिल्पा राव की परफॉरमेंस के दौरान क्या हुआ?
इवेंट में शिल्पा को लगभग शाम 7.45 बजे से 8.15 बजे तक परफॉर्म करना था, लेकिन अन्य परफॉर्मेंस में ज्यादा समय जाने के चलते वह करीब 8.30 बजे स्टेज पर आईं। उन्होंने फिल्म 'अनवर' के गाने 'तोसे नैना लागे' से अपने परफॉर्मेंस की शुरुआत की। वह ये गाना कम्प्लीट कर पातीं, इससे पहले ही उनका माइक्रोफोन बंद कर दिया गया। क्रू के एक सदस्य ने उन्हें दूसरा माइक्रोफोन दिया, मगर, 'देवरा' फिल्म के गाने 'चुट्टमल्ले' पर परफॉरमेंस के बाद, उनका माइक फिर से बंद कर दिया गया और फिर स्टेज की लाइटें भी बुझा दी गईं। तभी दूसरे मंच पर कुतले खान और उनके बैंड, 'द कुतले खान प्रोजेक्ट' ने अपनी परफॉरमेंस शुरू कर दी और इस दौरान शिल्पा भी मंच पर ही थीं। इस पूरे वाकये को लेकर खुद शिल्पा राव ने भी एक पोस्ट साझा करते हुए निराशा जाहिर की है।
बॉलीवुड म्यूजिक प्रोजेक्ट ने मांगी माफी
आलोचनाओं के बाद, बॉलीवुड म्यूजिक प्रोजेक्ट ने भी इंस्टाग्राम पर सार्वजनिक रूप से शिल्पा राव से माफी मांगी है। शिल्पा की परफॉरमेंस को अचानक खत्म किए जाने पर खेद जताते हुए ऑर्गनाइजर्स ने कहा कि वह शिल्पा और उनके काम का सम्मान करते हैं। लेकिन, साथ ही इस बात का भी हवाला दिया कि बड़े म्यूजिक फेस्टिवल में शेड्यूल बहुत टाइट होता है, क्योंकि कई कलाकार इसमें हिस्सा लेते हैं, ऐसे में अगर पहले की परफॉर्मेंस में देरी हो जाए, तो इसका असर पूरे प्रोग्राम पर पड़ सकता है।
ये भी पढ़ेंः खेसारी लाल यादव के शो में बवाल, खुर्दा महोत्सव में भोजपुरी स्टार पर फेंकी गई चप्पल, चढ़ा पप्पू यादव का पारा