Sunday, March 15, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. बॉलीवुड पहुंचा UP दरोगा भर्ती परीक्षा विवाद, 'पंडित' विकल्प पर मनोज मुंतशिर ने जताई नाराजगी, की कार्रवाई की मांग

बॉलीवुड पहुंचा UP दरोगा भर्ती परीक्षा विवाद, 'पंडित' विकल्प पर मनोज मुंतशिर ने जताई नाराजगी, की कार्रवाई की मांग

Written By: Priya Shukla Published : Mar 15, 2026 05:48 pm IST, Updated : Mar 15, 2026 05:48 pm IST

यूपी में सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा 2026 में पूछा गया एक सवाल अब बवाल की वजह बन गया है और ये बवाल बॉलीवुड तक भी पहुंच गया है। इस पूरे विवाद पर गीतकार मनोज मुंतशिर ने भी पोस्ट साझा करते हुए नाराजगी जताई है।

manoj muntashir- India TV Hindi
Image Source : INSTAGRAM/@MANOJMUNTASHIR मनोज मुंतशिर।

उत्तर प्रदेश दरोगा भर्ती परीक्षा 2026 में पूछे गए एक सवाल को लेकर एक नया विवाद खड़ा हो गया है। 14-15 मार्च को यूपी में पुलिस सब इंस्पेक्टर के 4,543 पदों के लिए भर्ती परीक्षा आयोजित हुई, जिसमें 15 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने भाग लिया। इसी भर्ती परीक्षा में पूछे गए एक सवाल को लेकर विवाद हो गया है। दरअसल, शनिवार को सामान्य हिंदी के प्रश्नपत्र में पूछा गया था- अवसर के हिसाब से बदल जाने वाले को क्या कहेंगे? इसके 4 विकल्प दिए गए- (A) पंडित, (B) अवसरवादी, (C) निष्कपट और (D) सदाचारी थे। जैसे ही ये सवाल सामने आया एक नए विवाद ने जोर पकड़ लिया और अब ये विवाद बॉलीवुड तक भी पहुंच चुका है। जाने-माने गीतकार और लेखक मनोज मुंतशिर ने इस प्रश्न और विकल्प को लेकर नाराजगी जाहिर की है।

मनोज मुंतशिर ने जताई नाराजगी

मनोज मुंतशिर ने इस प्रश्न और दिए गए विकल्पों में 'पंडित' का विकल्प दिए जाने को लेकर X पर एक पोस्ट शेयर किया और नाराजगी जाहिर की। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा- 'दरोगा भर्ती परीक्षा में पूछा गया है अवसर के अनुसार बदल जाने वाला क्या कहलाता है और ऑप्शन में पंडित लिखा है। ये प्रश्नपत्र जिसने भी तैयार किया है, सरकार उसे फौरन दण्डित और निलंबित नहीं करती तो इस देश के हर सवर्ण और ब्राह्मण को स्पष्ट संकेत जाएगा कि सत्ता में हमारी सुनने वाला कोई नहीं है। समस्त सवर्णों की ओर से मैं अपनी खुली नाराजगी दर्ज करवाता हूं और जान बूझकर किये गए इस निंदनीय कृत्य की घोर आलोचना करता हूं।'

मनोज मुंतशिर के पोस्ट पर यूजर्स के रिएक्शन

मनोज मुंतशिर ने जैसे ही ये पोस्ट साझा किया, कई सोशल मीडिया यूजर उनके समर्थन में खड़े हो गए। पोस्ट को री-पोस्ट करते हुए और कमेंट करते हुए यूजर यूपी दरोगा भर्ती परीक्षा में पूछे गए सवाल को लेकर नाराजगी जता रहे हैं। बता दें, ये पूरा मुद्दा अब केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंच चुका है। उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भी इस पूरे मामले को लेकर नाराजगी जाहिर की है और आश्वासन दिया कि जिम्मेदार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

दरोगा भर्ती परीक्षा और ‘पंडित’ विवाद

बता दें, उत्तर प्रदेश में दरोगा भर्ती परीक्षा में पूछा गया ये सवाल अब राजनीतिक गलियारों में भी जोरों से सुनाई दे रहा है। सपा नेता शिवपाल यादव से लेकर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक तक इस सवाल को लेकर नाराजगी जाहिर कर चुके हैं। एक तरफ जहां पूछे गए सवाल को लेकर विपक्ष मौजूदा सरकार को घेरने में जुट गई है तो वहीं डीप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा, 'उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा में आए एक प्रश्न को लेकर जो विकल्प दिए गए उन पर हमे कड़ी आपत्ति है । सरकार ने गंभीरता से संज्ञान में लिया है। किसी भी प्रश्न से किसी समाज या वर्ग की गरिमा को ठेस पहुंचती है तो यह बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है। मैं स्पष्ट कहना चाहता हूं कि किसी भी जाति, समुदाय या परंपरा के प्रति अपमानजनक शब्दों को कोई स्थान नहीं मिलना चाहिए। इस पूरे मामले की तत्काल जांच के निर्देश दिए गए हैं ।संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उत्तर प्रदेश सरकार सभी समाजों के सम्मान, समानता और संवेदनशीलता के सिद्धांत पर काम करती है। प्रदेश के हर नागरिक की गरिमा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।'

ये भी पढ़ेंः सुपरस्टार के साथ डेब्यू के बाद एक्ट्रेस ने चुनीं B ग्रेड फिल्में, करियर हुआ तबाह तो बोलीं- 'इमेज खराब हो गई'

मशहूर एक्ट्रेस मधु मल्होत्रा का निधन, 72 की उम्र में ली आखिरी सांस, 'हीरो' और 'कर्ज' जैसी फिल्मों में किया था काम

Latest Bollywood News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन

Advertisement
Advertisement
Advertisement