1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. मशहूर एक्ट्रेस मधु मल्होत्रा का निधन, 72 की उम्र में ली आखिरी सांस, 'हीरो' और 'कर्ज' जैसी फिल्मों में किया था काम

मशहूर एक्ट्रेस मधु मल्होत्रा का निधन, 72 की उम्र में ली आखिरी सांस, 'हीरो' और 'कर्ज' जैसी फिल्मों में किया था काम

 Written By: Priya Shukla
 Published : Mar 15, 2026 03:34 pm IST,  Updated : Mar 15, 2026 03:34 pm IST

दिग्गज अभिनेत्री मधु मल्होत्रा अब इस दुनिया में नहीं रहीं। उन्होंने 72 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। मधु को जैकी श्रॉफ स्टारर 'हीरो' और 'कर्ज' जैसी फिल्मों में अभिनय के लिए जाना जाता है।

Madhu Malhotra- India TV Hindi
मधु मल्होत्रा का निधन। Image Source : YOUTUBE SCREEN GRAB TIPS OFFICIAL

70-80 के दशक की मशहूर अभिनेत्री मधु मल्होत्रा अब इस दुनिया में नहीं रहीं। 72 साल की उम्र में उनका निधन हो गया। दिग्गज अभिनेत्री के निधन की खबर से पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर है। कई सितारे सोशल मीडिया के जरिए मधु मल्होत्रा को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। मधु मल्होत्रा को सुभाष घई की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'हीरो' के इमोशनल सॉन्ग "लंबी जुदाई" में अपनी भूमिका के लिए जाना जाता है, जिसमें वह बंजारों की टोली में गाना गाती दिखी थीं। हालांकि, मधु मल्होत्रा ​​ने अपने फिल्मी करियर में मुख्य भूमिकाएं नहीं निभाईं, फिर भी वह हिंदी सिनेमा का जाना-माना नाम बन चुकी थीं और कई लोकप्रिय फिल्मों में बड़े सितारों के साथ काम किया। अब उनके निधन की खबर पर पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।

मधु मल्होत्रा के यादगार किरदार

यूं तो मधु मल्होत्रा ने 100 से भी अधिक फिल्मों में काम किया था, लेकिन कई दर्शक उन्हें एक गाने के लिए याद करते हैं। ये गाना है 'लंबी जुदाई'। जैकी श्रॉफ और मीनाक्षी शेषाद्री स्टारर 'हीरो' (1993) का ये गाना आज भी बेहद मशहूर है और काफी पसंद किया जाता है। सुभाष घई की 1983 की फिल्म हीरो में थी।  रेशमा द्वारा गाया गया ये इमोशनल गीत "लंबी जुदाई" भी फिल्म जितना ही यादगार बन गया। मधु ने गाने में बंजारन की भूमिका निभाई थी।

बॉलीवुड फिल्मों में उपस्थिति

मधु मल्होत्रा ​​राज एन सिप्पी की 1982 में रिलीज हुई फिल्म 'सत्ते पे सत्ता' में भी नजर आई थीं, जिसमें अमिताभ बच्चन और हेमा मालिनी लीड रोल में नजर आए थे। इस कॉमेडी फिल्म में वह एक्टर पेंटल के साथ दिखाई दी थीं। 1980 और 1990 के दशक में उन्होंने कई सफल फिल्मों में सहायक भूमिकाएं निभाईं। अपने करियर के दौरान उन्होंने कई बड़े अभिनेताओं के साथ काम किया, मगर ज्यादातर छोटी भूमिकाएं ही निभाईं।

रामसे ब्रदर्स की फिल्म से शुरू किया करियर

मधु मल्होत्रा ने अपने करियर की शुरुआत रामसे ब्रदर्स की 1975 में रिलीज हुई हॉरर फिल्म 'अंधेरा' से की थी। कुछ सालों बाद उन्होंने मेनस्ट्रीम सिनेमा का रुख किया और 1979 में रिलीज हुई शक्ति सामंत की 'द ग्रेट गैम्बलर' में दिखाई दीं। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन मुख्य भूमिका में थे और मधु ने उनके किरदार जय की बहन का रोल निभाया था। फिर वह 1980 में रिलीज हुई 'कर्ज' में दिखाई दीं। फिल्म में उन्होंने पिंकी का किरदार निभाया था। इस फिल्म में ऋषि कपूर, सिमी गरेवाल और टीना मुनीम लीड रोल में थे।

ये भी पढ़ेंः सुपरस्टार्स के खानदान का लाडला, जिसे नहीं भाया कमर्शियल सिनेमा, रूह वाली कहानी को दी अपनी कला

अल्लू अर्जुन के नए थिएटर को लेकर छिड़ा विवाद, 'वॉल ऑफ ग्रेट्स' में नहीं किसी एक्ट्रेस का नाम, नाराज हुए फैन

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन