1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 35 प्लॉट, लाखों रुपये नकद, पंचायत कार्यकारी अधिकारी के ठिकानों पर रेड में विजिलेंस वाले भी चौंके

35 प्लॉट, लाखों रुपये नकद, पंचायत कार्यकारी अधिकारी के ठिकानों पर रेड में विजिलेंस वाले भी चौंके

 Written By: Subhash Kumar
 Published : Sep 23, 2026 11:26 am IST,  Updated : Sep 23, 2026 11:33 am IST

ओडिशा के बरगढ़ में PEO जमीन के शौकीन निकले। जब उनके ठिकानों पर विजिलेंस ने छापेमारी की तो टीम की भी आंखें चौड़ी रह गईं। रेड के दौरान करोड़ों की संपत्ति का खुलासा हुआ। 35 प्लॉट, 2.98 लाख रुपये नकद और बहुत कुछ बरामद किया गया है।

odisha Bargarh District PEO Vigilance Raid- India TV Hindi
ओडिशा के बरगढ़ में विजिलेंस की रेड। Image Source : REPORTER

ओडिशा के बरगढ़ जिले में आय से अधिक संपत्ति के मामले में विजिलेंस ने पंचायत कार्यकारी अधिकारी यानी PEO कार्तिकेश्वर बेहेरा के कई ठिकानों पर छापेमारी की है। मंगलवार यानि 22 सितंबर को बरगढ़ जिले में कुल 6 स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान अब तक करोड़ों रुपये की चल-अचल संपत्ति का पता चला है। कार्तिकेश्वर बेहेरा बरगढ़ जिले के गाईसिलेट ब्लॉक के कटाभाल ग्राम पंचायत में PEO के पद पर कार्यरत हैं। इसके अलावा वे फिरिंगिमाल और गौरेंमुंडा ग्राम पंचायतों के प्रभारी PEO के तौर पर भी काम कर रहे हैं।

रेड में क्या-क्या मिला?

विजिलेंस द्वारा तलाशी के दौरान बेहरा और उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर कई संपत्तियां सामने आई हैं-:

  1. संपत्ति में दो बहुमंजिला इमारतें, एक मार्केट कॉम्प्लेक्स, एक गोदाम और 35 कीमती प्लॉट शामिल हैं।
  2. गाईसिलेट के पास कंदागढ़ में बेहेरा का करीब 6,500 वर्गफीट क्षेत्रफल वाला दो मंजिला आवासीय भवन मिला है।
  3. इसके अलावा गाईसिलेट में करीब 8,000 वर्गफीट क्षेत्रफल की चार मंजिला आवासीय इमारत निर्माणाधीन मिली है।
  4. विजिलेंस की तलाशी में कंदागढ़ में करीब 2,400 वर्गफीट क्षेत्रफल का एक मार्केट कॉम्प्लेक्स भी मिला है। इस मार्केट कॉम्प्लेक्स में छह कमरे बताए गए हैं।
  5. इसके अलावा कंदागढ़ में करीब 1,500 वर्गफीट क्षेत्रफल वाला एक गोदाम भी मिला है, जिसमें तीन कमरे हैं।
  6. तलाशी के दौरान गाईसिलेट और कंदागढ़ के बाहरी इलाकों में 35 कीमती प्लॉट का भी पता चला है। इन सभी इमारतों, प्लॉट, मार्केट कॉम्प्लेक्स और गोदाम की माप और कीमत का आकलन विजिलेंस की तकनीकी टीम कर रही है।
  7. गोदाम की तलाशी के दौरान करीब 22 लाख रुपये कीमत के महुआ फूल भी पाए गए हैं। इसके अलावा तलाशी में 2 लाख 98 हजार 177 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
  8. विजिलेंस को एक बोलेरो गाड़ी, एक ट्रैक्टर और चार दोपहिया वाहन भी मिले हैं। इसके साथ ही करीब 3.70 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण और घरेलू सामान भी बरामद होने की जानकारी दी गई है।

आय के स्रोत के बारे में पूछताछ जारी

ओडिशा विजिलेंस ने आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में यह तलाशी अभियान चलाया है। बेहेरा की संपत्ति और उसकी आय के स्रोत के बारे में पूछताछ की जा रही है। विजिलेंस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सामने आई संपत्तियां और अन्य सामान उनकी ज्ञात आय के अनुरूप हैं या नहीं। आपको बता दें कि इससे पहले ओडिशा के बारीपदा में ST/SC विभाग से जुड़े दो ऑडिटरों को 14 लाख रुपये से अधिक की संदिग्ध कैश के साथ पकड़ा गया था। 

विजिलेंस की 6 टीमों ने की रेड

विजिलेंस द्वारा मंगलवार को बरगढ़ जिले में जिन 6 स्थानों पर तलाशी ली गई, उनमें कंदागढ़ के पास गाईसिलेट स्थित बेहेरा का दो मंजिला मकान, कंदागढ़ का छह कमरों वाला मार्केट कॉम्प्लेक्स, तीन कमरों वाला गोदाम, गाईसिलेट में निर्माणाधीन चार मंजिला इमारत, कंदागढ़ स्थित उनका पैतृक गांव का घर और कटाभाल ग्राम पंचायत कार्यालय में उनका ऑफिस चैंबर शामिल है। इस तलाशी अभियान को ओडिशा विजिलेंस की 6 टीमों ने अंजाम दिया। इन टीमों का नेतृत्व 5 डीएसपी ने किया। अभियान में 8 इंस्पेक्टर, 2 एएसआई और अन्य कर्मचारी भी शामिल थे। तलाशी विशेष न्यायाधीश, विजिलेंस, बरगढ़ की अदालत से जारी सर्च वारंट के आधार पर की गई।

कितनी है अधिकारी की सैलरी?

कार्तिकेश्वर बेहेरा का जन्म 11 जनवरी 1970 को हुआ था। उन्होंने जुलाई 1994 में गाईसिलेट ग्राम पंचायत में सचिव के रूप में सरकारी सेवा शुरू की थी। उस समय उनका शुरुआती वेतन 500 रुपये प्रति माह था। 4 जून 2009 को उन्हें VLW के पद पर पदोन्नत किया गया। साल 2012 में इस पद को PEO के रूप में दोबारा नामित किया गया। बेहेरा साल 2024 से कटाभाल ग्राम पंचायत में PEO के रूप में काम कर रहे हैं। इसके साथ ही वे फिरिंगिमाल और गौरेंमुंडा ग्राम पंचायतों के प्रभारी PEO भी हैं। उन्होंने बरगढ़ जिले में 30 साल से ज्यादा समय तक सरकारी सेवा की है। वर्तमान में उनका वेतन 52,320 रुपये प्रति माह है। (रिपोर्ट:शुभम कुमार)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत