1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जमुई जैसे मामला फिर आया सामने..., श्रद्धालु युवक-युवती के साथ बीच सड़क पर बदसलूकी और मारपीट

जमुई जैसे मामला फिर आया सामने..., श्रद्धालु युवक-युवती के साथ बीच सड़क पर बदसलूकी और मारपीट

 Written By: Subhash Kumar
 Published : Sep 23, 2026 08:40 am IST,  Updated : Sep 23, 2026 09:41 am IST

ओडिशा के ढेंकनाल जिले में श्रद्धालु युवक-युवती के साथ बीच सड़क पर बदसलूकी और मारपीट का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद 3 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।

jamui like case in odisha Dhenkanal- India TV Hindi
बीच सड़क पर युवक-युवती के साथ बदसलूकी। Image Source : REPORTER

बिहार के जमुई में छात्रा से छेड़खानी के मामले ने सभी को हैरान कर के रख दिया है। अब ओडिशा के ढेंकनाल से एक बेहद हैरान और परेशान करने वाली घटना सामने आई है। 18 सितंबर को ढेंकनाल और कपिलाश को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर युवक और युवती को सरेआम रोककर उनके साथ बदसलूकी और मारपीट की गई। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोगों में भारी गुस्सा है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, यह घटना उस वक्त घटी जब युवक-युवती मोटरसाइकिल पर जा रहे थे। तभी सड़क पर कुछ लोगों ने उनकी बाइक को जबरन रोक लिया। वायरल हो रहे वीडियो में देखा गया है कि कुछ लोग युवक और युवती के साथ किसी वजह से मारपीट और दुर्व्यवहार कर रहे हैं। युवती लगातार उन लोगों से गुहार लगाती रही कि उसे अकेला छोड़ दें और जाने दें, लेकिन उन लोगों ने उसकी एक न सुनी। वहां मौजूद लोग युवती के साथ लगातार आक्रामक और हिंसक व्यवहार करते रहे।

विनती करती रही युवती

युवती बेबस होकर खुद को छोड़ने की विनती करती रही। वह हमलावरों से लगातार मिन्नतें करती रही, लेकिन उसकी दर्द भरी आवाज अनसुनी कर दी गई और उसके साथ बदसलूकी जारी रही। जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ, लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सोशल मीडिया पर आम जनता इस शर्मनाक हरकत की कड़ी निंदा कर रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की मांग कर रही है। फिलहाल पुलिस ने 3 लोगों को हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की जांच में जुटी है। पीड़ितों को आश्वासन दिया गया है कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। बता दें कि बिहार के जमुई में भी ऐसा ही मामला देखने को मिला था।

पुलिस ने क्या कहा?

ढेंकानाल के एसपी अभिनव सोनकर ने कहा- "कल सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा था, जिसमें कुछ गांव वाले एक लड़के और लड़की को रोककर उनके साथ बदसलूकी कर रहे थे। उस घटना को लेकर गअंदिया थाना इलाके में एक केस दर्ज किया गया है। केस नंबर 480/2026 है। इसमें बीएनएस और आईटी के कई सेक्शन लगाए गए हैं। घटना की जगह गअंदिया थाने का भांडरगढ़ है। शिकायतकर्ता अर्पिता मोहंती हैं। वह वही लड़की हैं जिनके साथ गांव वालों ने दुर्व्यवहार किया था। हमारी जांच पहले ही शुरू हो चुकी है। इसमें हम तीन लोगों को पहले ही पकड़ चुके हैं। उनके नाम सरोज नायक, गांव- बणिया, थाना- गोंदिया;समीर नायक, गांव- बणिया, थाना- गोंदिया और संग्राम रथ, दुर्गा, गांव- रायपुर मंदार, थाना- गोंदिया हैं । शिकायतकर्ता का बयान दर्ज किया जाएगा, हम बाकी सबूत भी इकट्ठा करेंगे और पूरी घटना में जिस तरह का अपराध सामने आएगा, उसके हिसाब से आगे की कानूनी कार्रवाई करेंगे। इसके साथ ही हमने शिकायतकर्ता और उनके दोस्त को तसल्ली दी है और उन्हें बता दिया है कि सभी तरह के कानूनी कदम उठाए जाएंगे। हम किसी भी प्रक्रिया में ढील नहीं छोड़ेंगे और जो भी आरोपी हैं, उन पर कानूनी कार्रवाई कर उन्हें सजा दिलाएंगे।" (रिपोर्ट: शुभम कुमार)

ये भी पढ़ें- प्रेमिका के घर मिलने गया था युवक, परिजनों ने हत्या कर आंगन में ही पेट्रोल से जला दिया शव

बाइक सवार के पेट में घुसी पेड़ से टूटी सूखी डाल, गंभीर रूप से घायल हुआ शख्स, इलाज जारी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत