1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. बॉलीवुड सुपरस्टार की पत्नी, जिसने 32 साल में तोड़ा दम, देव आनंद के साथ किया था डेब्यू, ब्रेन ट्यूमर ने निगल ली जिंदगी

बॉलीवुड सुपरस्टार की पत्नी, जिसने 32 साल में तोड़ा दम, देव आनंद के साथ किया था डेब्यू, ब्रेन ट्यूमर ने निगल ली जिंदगी

 Written By: Shyamoo Pathak
 Published : Aug 06, 2025 07:46 pm IST,  Updated : Aug 06, 2025 07:46 pm IST

बॉलीवुड सुपरस्टार की पत्नी रहीं रिचा शर्मा ने देव आनंद के साथ अपने करियर की शुरुआत की थी। लेकिन ब्रेन ट्यूमर ने एक्ट्रेस की महज 32 साल में ही सांसे छीन लीं।

Richa Sharma- India TV Hindi
रिचा शर्मा Image Source : YOUTUBE@TIME TREVEL MOVIES

साल 1985 में आई देव आनंद की फिल्म 'हम नौजवान' से अपने करियर की शुरुआत करने वाली एक्ट्रेस रिचा शर्मा ने महज 32 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया था। चंद फिल्मों में काम कर ग्लैमर दुनिया में नाम कमाने वाली ये हीरोइन ब्रेन ट्यूमर से जूझती रही और आखिर में जिंदगी की जंग हार गई। रिचा शर्मा अपने करियर के साथ संजय दत्त की पत्नी के रूप में भी जानी गईं। बॉलीवुड सुपरस्टार संजय दत्त ने रिचा से शादी की थी और दोनों की एक बेटी भी हुई। लेकिन रिचा अपने करियर के शुरुआती दौर में ही बीमार पड़ गईं और अमेरिका में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। 

देव आनंद की फिल्म से किया था डेब्यू

भोला चेहरा, दिलकश अदाएं और खूबसूरती से भरपूर एक्ट्रेस रिचा शर्मा का जन्म 6 अगस्त 1964 को दिल्ली में कैलाश और मीना शर्मा के घर हुआ था। जब वह बच्ची थीं, तब उनके माता-पिता न्यूयॉर्क चले गए थे। 1978 में 14 साल की उम्र में देस परदेस फिल्म के न्यूयॉर्क प्रीमियर के दौरान उनकी मुलाकात देव आनंद से हुई और उन्होंने बिना किसी संकोच के उनसे फिल्म में कास्ट करने की गुजारिश कर डाली। रिचा की बेवाकी से प्रभावित होकर देव आनंद ने भी उन्हें प्रोमिस कर दिया कि जब तुम बड़ी हो जाओगी तो जरूर हीरोइन बनाऊंगा। देव आनंद ने अपने वादे को निभाया और रिचा को 1985 में 'हम नौजवान' फिल्म में अपनी हीरोइन के तौर पर लॉन्च किया।

शेखर सुमन की भी रहीं हीरोइन

रिचा की दूसरी फिल्म अनुभव (1986) थी, जिसमें शेखर सुमन और अदा कोल्हापुरी थे। यह फिल्म एक वयस्क ड्रामा थी जिसमें विवाहेतर संबंधों पर आधारित थी। फिल्म में रिचा ने बिजली का किरदार निभाया था, जो अपनी खूबसूरती पर पूरी तरह से आश्वस्त है और उसका इस्तेमाल करना भी जानती है। यह फिल्म अपने उत्तेजक दृश्यों और बोल्ड विषयों के लिए बदनाम रही। उसी वर्ष रिचा रेखा और अनिल कपूर के साथ इंसाफ की आवाज में दिखाई दीं। 1987 में उन्होंने सड़क छाप और आग ही आग में अभिनय किया जो उनकी आखिरी फिल्म थी। 1987 में शर्मा के निजी जीवन ने संजय दत्त से शादी करके जिंदगी को एक नया मोड़ दिया। शादी के महज 1 साल बाद 1988 में उनकी एक बेटी त्रिशाला दत्त का जन्म हुआ। हालांकि, शादी के दो साल बाद ही शर्मा को ब्रेन ट्यूमर का पता चला। 

ब्रेन ट्यूमर ने निगल ली जिंदगी

कैंसर से लड़ाई शर्मा के लिए बेहद कठिन थी। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, न्यूयॉर्क में इलाज के दौरान ही उन्हें अपने पति के अफेयर के बारे में पता चला। निजी उथल-पुथल के बावजूद शर्मा ने अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प दिखाया और कैंसर से सफलतापूर्वक लड़ाई लड़ी। वह 1992 में अपनी बेटी के साथ भारत लौट आईं। लेकिन यह राहत ज्यादा देर तक नहीं रही क्योंकि बीमारी से उनकी लड़ाई के दौरान कई बार उनकी बीमारी ठीक हुई और कई बार फिर से बीमारी की चपेट में आ गई और 10 दिसंबर 1996 को हमेशा के लिए इस दुनिया को अलविदा कह दिया। लेकिन आज भी संजय दत्त अक्सर उन्हें याद करते रहते हैं। रिचा की बेटी अमेरिका में रहती हैं। 

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन