सपरस्टार चिरंजीवी और उनके बेटे राम चरण ने हैदराबाद स्थित अपने आवास पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत किया। इस मुलाकात के दौरान केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी भी मौजूद थे। राम चरण ने कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए बताया कि उन्होंने गृह मंत्री के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डीपफेक के बारे में चर्चा की। उन्होंने इस खास मुलाकात की खास तस्वीरें भी शेयर की हैं।
चिरंजीवी-राम चरण ने अमित शाह को दिया खास तोहफा
सोमवार, 02 नवंबर को राम चरण ने अपनी और चिरंजीवी की अमित शाह के साथ मुलाकात की तस्वीरें शेयर कीं। इंस्टाग्राम पर तस्वीरों के साथ कैप्शन में उन्होंने लिखा, 'आज अपने पिता श्री चिरंजीवी कोनिडेला गारू के साथ माननीय केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी से मिलकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं।' तस्वीरों में दिख रहा है कि पिता-पुत्र की इस जोड़ी ने केंद्रीय मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें फूलों का गुलदस्ता, एक मूर्ति और पारंपरिक शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
AI के बढ़ते खतरे पर चिरंजीवी ने जताई चिंता
राम चरण ने आगे बताया कि उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री और उससे जुड़े लोगों पर AI और डीपफेक के प्रभाव को लेकर अपनी चिंताएं शेयर कीं। उन्होंने लिखा, 'AI और डीपफेक तकनीकों के बढ़ते दुरुपयोग और कलाकारों तथा हमारे इंडस्ट्री पर पड़ने वाले इनके गंभीर प्रभावों को लेकर हमारी चिंताओं पर गृह मंत्री की समझ और उनकी सकारात्मक प्रतिक्रिया से मुझे काफी प्रोत्साहन मिला है।'
AI के दुरुपयोग के खिलाफ अमित शाह का सख्त रुख
'RRR' और 'रंगस्थलम' जैसी फिल्मों के लिए मशहूर एक्टर राम चरण ने बताया कि अमित शाह ने आश्वासन दिया है कि सरकार इस मामले की जांच करेगी और सुरक्षा के उपाय करने की दिशा में काम करेगी। उन्होंने कहा, 'उनका यह भरोसा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से देखेगी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम करेगी और इस तरह के गलत इस्तेमाल के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी, वाकई हौसला बढ़ाने वाला है। उनके समय, समझ और समर्थन के लिए मैं उनका आभारी हूं।'
राम चरण का आने वाला प्रोजेक्ट
'RRR' की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद राम चरण की फिल्में 'गेम चेंजर' और 'पेद्दी' लगातार फ्लॉप रहीं, जिससे उन्हें काफी झटका लगा है। 'पेद्दी' में बॉलीवुड एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर भी हैं। अब एक्टर ने मशहूर फिल्म निर्माता सुकुमार के साथ फिर से हाथ मिलाया है। उनकी इस आने वाली पैन-इंडिया फिल्म का अस्थायी नाम 'RC17' रखा गया है। पिछले हफ्ते हैदराबाद में एक भव्य मुहूर्त और पूजा समारोह के साथ इस फिल्म की आधिकारिक शुरुआत हुई। इस मौके पर चिरंजीवी 'विशेष अतिथि' के तौर पर शामिल हुए और उन्होंने क्लैपबोर्ड बजाकर फिल्म की शूटिंग की शुरुआत की। 'मैथरी मूवी मेकर्स' के बैनर तले नवीन यरनेनी और वाई. रवि शंकर द्वारा निर्मित इस फिल्म को भूषण कुमार की 'टी-सीरीज' पेश कर रही है। सुकुमार और राम चरण ने इससे पहले 2018 की फिल्म 'रंगस्थलम' में साथ काम किया था, जो बॉक्स ऑफिस पर बहुत बड़ी हिट रही थी। फिल्म की बाकी कास्ट, टेक्निकल क्रू, कहानी और शूटिंग शेड्यूल के बारे में मेकर्स ने अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
ये भी पढ़ें - चिरंजीवी की 'काका' संक्रांति पर होगी रिलीज, मेकर्स ने देरी की अफवाहों पर लगाया विराम