1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. जूनियर एनटीआर-जाह्नवी कपूर के सपोर्ट में आए चिंरजीवी, AI मॉर्फ्ड वीडियो पर जताई नाराजगी, बोले- 'ऐसी हरकत शर्मनाक है'

जूनियर एनटीआर-जाह्नवी कपूर के सपोर्ट में आए चिंरजीवी, AI मॉर्फ्ड वीडियो पर जताई नाराजगी, बोले- 'ऐसी हरकत शर्मनाक है'

 Written By: Priya Shukla
 Published : Oct 04, 2026 01:33 pm IST,  Updated : Oct 04, 2026 01:33 pm IST

चिरंजीवी ने जूनियर एनटीआर और जाह्नवी कपूर के AI-मॉर्फ्ड 'चुट्टामाल्ले' वीडियो को लेकर चिंता जताते हुए एक पोस्ट साझा किया है, जिसमें उन्होंने इस मामले पर तेलुगु फिल्म संगठनों से बातचीत करने की बात कही है।

chiranjeevi- India TV Hindi
जूनियर एनटीआर के सपोर्ट में उतरे चिरंजीवी। Image Source : INSTAGRAM/@CHIRANJEEVIKONIDELA/@JRNTR

जूनियर एनटीआर ने हाल ही में एक पोस्ट साझा किया था, जिसमें उन्होंने 'देवरा: पार्ट 1' के पॉपुलर गाने 'चुट्टामल्ले' के AI-मॉर्फ्ड वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए नाराजगी जताई थी। इसी के साथ जूनियर एनटीआर ने विजुअल्स के साथ छेड़छाड़ करने वालों के खिलाफ लीगल एक्शन की बात भी कही थी और मॉर्फ्ड वीडियोज को घिनौना और शर्मनाक बताया था। अब मेगास्टार चिरंजीवी ने भी इस वीडियो पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के गलत इस्तेमाल पर निराशा जताते हुए लंबा-चौड़ा पोस्ट साझा किया है, जिसमें उन्होंने वीडियोज के साथ छेड़छाड़ के चलन को शर्मनाक बताया है। इसी के साथ उन्होंने बताया कि वह इस तरह के कंटेंट को लेकर तेलुगु फिल्म संस्थाओं से बातचीत करने की योजना बना रहे हैं।

एआई के इस्तेमाल ने बढ़ाई स्टार्स की चिंता

AI का इस्तेमाल करके डिजिटल रूप से बदले गए वीडियो ने इंडस्ट्री के सितारों के बीच टेक्नोलॉजी के गलत इस्तेमाल और इन्हें वायरल करने के तरीके को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। RRR स्टार जूनियर NTR ने पहले ही इस एडिटेड वीडियो की कड़ी निंदा करते हुए इसे "घिनौना, बीमार मानसिकता वाला और शर्मनाक" बताया था। उन्होंने यह भी कहा कि वे इसे बनाने और फैलाने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे। इस मामले में विजय देवरकोंडा भी जूनियर एनटीआर के साथ नजर आए और अब मेगास्टार चिरंजीवी ने भी मॉर्फ्ड-AI वीडियोज को लेकर नाराजगी जताई है।

क्या बोले चिंरजीवी?

चिरंजीवी ने अपने पोस्ट में लिखा- 'किसी महिला के अपमानजनक और मॉर्फ्ड वीडियो बनाने के लिए AI के इस्तेमाल को लेकर मैं बहुत परेशान हूं। ऐसी हरकतें बहुत ही क्रूर, शर्मनाक और पूरी तरह से अस्वीकार्य हैं। मैं इनकी कड़ी निंदा करता हूं। ये मामला सिर्फ किसी एक व्यक्ति या एक फिल्म से नहीं जुड़ा है। ये आज किसी और के साथ हुआ है और कल को ये आपके, मेरे या हमारे अपनों के साथ हो सकता है। इसलिए, आज हम सिर्फ इसलिए चुप नहीं बैठ सकते कि इसका असर हम पर व्यक्तिगत रूप से नहीं पड़ रहा है। हममें से हर किसी की जिम्मेदारी है कि हम इस तरह के दुर्व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाएं।'

इसे मजाक या मनोरंजन कहकर नजरअंदाज करना गलत- चिरंजीवी

अपने पोस्ट में चिरंजीवी ने लिखा- 'जो लोग ऐसा कंटेंट बनाते हैं और जो जानबूझकर इसे फैलाते या बढ़ावा देते हैं, उन्हें कानून के तहत जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। इसे मजाक या मनोरंजन कहकर नजरअंदाज बिलकुल नहीं किया जा सकता। मैं इस मामले को तेलुगु फिल्म चैंबर, प्रोड्यूसर्स काउंसिल और हमारी संबंधित इंडस्ट्री संस्थाओं के सामने उठाऊंगा और एक खास कमेटी और सपोर्ट सेल बनाने की सिफारिश करूंगा। साइबर क्राइम अधिकारियों के साथ मिलकर काम करते हुए, यह टीम प्रभावित लोगों की मदद करेगी, ऐसा कंटेंट हटाने के प्रयासों में तालमेल बिठाएगी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगी। इस कोशिश के लिए पूरी तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री को एक साथ आना होगा। हमारे एसोसिएशन, कलाकार, टेक्नीशियन, दर्शक और फ़ैन्स - सभी की इसमें भूमिका है। मैं केंद्र और राज्य सरकारों से भी अपील करता हूं कि वे इस तरह के गलत कामों के लिए AI के दुरुपयोग के खिलाफ कड़े और असरदार कदम उठाएं।'

फैंस से की ये अपील

'कृपया इन वीडियो को न तो देखें, न डाउनलोड करें, न शेयर करें और न ही फैलाएं, भले ही आपका मकसद इनकी निंदा करना ही क्यों न हो। इसके बजाय, संबंधित प्लेटफ़ॉर्म और साइबर क्राइम अधिकारियों को इनकी रिपोर्ट करें। इंसानी गरिमा की रक्षा करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। आइए, हम सब मिलकर खड़े हों, आवाज उठाएं और कदम उठाएं। इससे पहले, तेलुगु एक्टर विजय देवरकोंडा ने भी इस वीडियो पर कड़ी प्रतिक्रिया दी थी और "AI के गलत इस्तेमाल" की आलोचना करते हुए कहा था कि इसके लिए जिम्मेदार लोगों को सख़्त कानूनी कार्रवाई का सामना करना चाहिए।'

'चुट्टामल्ले' गाने के बारे में

'चुट्टामल्ले' गाने की बात करें तो ये जूनियर NTR और जाह्नवी कपूर की फिल्म 'देवरा: पार्ट 1' का हिस्सा है और इस फिल्म के सबसे लोकप्रिय गानों में से एक बन गया। इस गाने को अनिरुद्ध रविचंदर ने कंपोज किया था, इसके बोल रामाजोगाया शास्त्री ने लिखे थे और इसे शिल्पा राव ने गाया था। इस गाने में जाह्नवी कपूर और जूनियर NTR नजर आए हैं।

ये भी पढ़ेंः पापा गोविंदा के अफेयर की चर्चाओं से परेशान हुईं बेटी टीना, सवाल पूछे जाने से हुईं नाराज, 'थैंक यू' कहकर बढ़ीं आगे

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन।