1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. बॉलीवुड
  4. लार गिब्बन बंदर संग मस्ती चियान विक्रम को पड़ी भारी, कसा शिकंजा तो 24 घंटे के भीतर डिलीट की रील

लार गिब्बन बंदर संग मस्ती चियान विक्रम को पड़ी भारी, कसा शिकंजा तो 24 घंटे के भीतर डिलीट की रील

 Written By: Jaya Dwivedie
 Published : Aug 11, 2026 12:57 pm IST,  Updated : Aug 11, 2026 12:57 pm IST

दक्षिण भारतीय अभिनेता चियान विक्रम ने एक दुर्लभ बंदर संग इंस्टाग्राम रील बनाई, जिसे वन विभाग की जांच शुरू होने के बाद डिलीट कर दिया गया। यह मामला उनके समधी और कैविनकेयर के चेयरमैन सीके रंगनाथन से जुड़ा है।

CHIYAAN VIKRAM- India TV Hindi
चियान विक्रम। Image Source : @VENILLARAY/X

दक्षिण भारतीय फिल्मों के मशहूर अभिनेता चियान विक्रम हाल ही में एक नए विवाद में फंस गए हैं। अभिनेता ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक दुर्लभ और विदेशी प्रजाति के बंदर लार गिब्बन को गोद में लेकर दुलार करते हुए एक रील साझा की थी। हालांकि सोशल मीडिया पर यह वीडियो वायरल होने के महज 24 घंटे के भीतर ही इसे डिलीट कर दिया गया। वीडियो को हटाए जाने के पीछे मुख्य वजह तमिल नाडु वन विभाग द्वारा इस मामले पर शुरू की गई जांच को माना जा रहा है। जांच का सीधा संबंध विक्रम की बेटी के ससुर और उनके परिवार से जुड़ा हुआ है, जिससे कानूनी और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है। साउथ से लेकर बॉलीवुड में भी इसकी चर्चा है।

कैविनकेयर के संस्थापक सीके रंगनाथन की बढ़ीं मुश्किलें

इस पूरे घटनाक्रम में एफएमसीजी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी 'कैविनकेयर' के संस्थापक और चेयरमैन सीके रंगनाथन का नाम मुख्य रूप से सामने आया है। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, जिस स्थान पर यह रील शूट की गई थी और जहां यह विदेशी वन्यजीव मौजूद था, उसका कनेक्शन रंगनाथन से बताया जा रहा है। विक्रम की बेटी अक्षिता का विवाह सीके रंगनाथन के बेटे मनु रंजीत से हुआ है। इस तरह रिश्ते में विक्रम के समधी लगने वाले रंगनाथन पर दुर्लभ और विदेशी जीवों के अवैध कब्जे और व्यापार से जुड़े होने के संदेह के चलते वन विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

जरूरी दस्तावेज न होने का आरोप

मामले की गंभीरता को देखते हुए चेन्नई के वाइल्डलाइफ वार्डन योगेन कुलाला ने सीके रंगनाथन के आवास पर पहुंचकर उनसे व्यक्तिगत मुलाकात की और आधिकारिक पूछताछ की। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई विक्रम द्वारा सोशल मीडिया से वीडियो हटाए जाने के तुरंत बाद की गई। जांच अधिकारियों के अनुसार रंगनाथन के पास लार गिब्बन जैसे संरक्षित और दुर्लभ विदेशी जीव को अपने पास रखने के लिए आवश्यक अनुमति और वैध कागजात उपलब्ध नहीं थे। नियमों के तहत बिना आधिकारिक पंजीकरण और वन विभाग की अनुमति के ऐसे विदेशी जीवों को अपने पास रखना गैर-कानूनी माना जाता है।

मामले पर चियान विक्रम की चुप्पी और उनके वर्कफ्रंट का हाल

इस पूरे मामले पर विवाद गहराने के बावजूद अभिनेता चियान विक्रम ने अब तक कोई सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया है। वहीं अगर उनके फिल्मी सफर की बात करें तो विक्रम को हाल ही में निर्देशक एसयू अरुण कुमार की फिल्म 'वीरा धीरा सूरन' में देखा गया था, जहां उनके अभिनय की काफी सराहना हुई थी। इसके अलावा उन्होंने निर्देशक आनंद शंकर और बोडी राजकुमार के साथ अपनी आगामी फिल्मों की घोषणा भी की थी। हालांकि इन अनटाइटल्ड प्रोजेक्ट्स की वर्तमान स्थिति और शूटिंग शेड्यूल को लेकर अभी कोई नया आधिकारिक अपडेट सामने नहीं आया है।

ये भी पढ़ें: 'जहां से सांसद का चुनाव लड़ा, वहीं से काट दिया वोट', बेंगलुरु वोटर लिस्ट से नाम गायब होने पर भड़के प्रकाश राज, बोले- 'ये कैसा मजाक?'

Latest Bollywood News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Bollywood से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन