बॉलीवुड और कास्टिंग काउच को अलग नहीं किया जा सकता। जब भी बॉलीवुड की बात होती है तो कास्टिंग काउच के मामाले भी सामने आते हैं। पहले ये बाते दबी रहती थीं और एक्ट्रेस इस पर बात करने से बचती थीं, लेकिन अब खुलकर वो अपने अनुभव साझा करती हैं। कई बार एक्ट्रेस बिना नाम लिए तो कई बार खुलकर ऐसी गंदी हरकत करने वालों को सवालों के कटघरें में खड़ा करती हैं। इन दिनों कास्टिंग काउच को लेकर एक्ट्रेस सुरवीन चावला सुर्खियों में हैं, जिन्होंने कई बार ऐसा अनुभव किया। अब एक्ट्रेस ने अपना हालिया इंटरव्यू में ऐसा खुलासा किया, जो सुनकर आप भी हैरान हो जाएंगे।
नई-नई शादी के बाद हुई गंदी हरकत
अभिनेत्री सुरवीन चावला ने हाल ही में एक इंटरव्यू में फिल्म इंडस्ट्री के एक काले सच पर खुलकर बात की। हाउटरफ्लाई को दिए इंटरव्यू में सुरवीन ने कास्टिंग काउच से जुड़ा एक बुरा अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि किस तरह से एक निर्देशक ने उनके साथ गंदी हरकत करने की कोशिश की और ये तब हुआ जब उनकी नई-नई शादी हुई थी। सुरवीन ने बताया कि यह वाकया मुंबई के वीरा देसाई रोड स्थित एक ऑफिस में हुआ था। सुरवीन ने कहा, 'मीटिंग पूरी होने के बाद वह मुझे गेट तक छोड़ने आए। बातचीत के दौरान उन्होंने मुझसे मेरी शादी और पति के बारे में भी पूछा था। उस वक्त हम उनके बड़े ऑफिस के केबिन में थे।' आगे जो जो हुआ, उसने उन्हें चौंका दिया।
यहां देखें पोस्ट
डायरेक्टर ने की ओछी हरकत
उन्होंने बताया, 'जब मैं वहां से निकलने के लिए दरवाजे की ओर बढ़ी तो वह अचानक मेरी ओर झुके और मुझे किस करने की कोशिश की। मुझे उन्हें पीछे धकेलना पड़ा। मैं पूरी तरह हक्का-बक्का रह गई और उनसे सीधा पूछ लिया कि वे क्या कर रहे हैं। इसके बाद मैं वहां से चली गई।' यह पहली बार नहीं था जब सुरवीन को ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ा। उन्होंने खुलासा किया कि साउथ इंडस्ट्री में भी एक निर्देशक ने, सीधे न बोलकर, किसी तीसरे व्यक्ति के माध्यम से उनके साथ सोने की इच्छा जाहिर की थी क्योंकि वह हिंदी या अंग्रेजी ठीक से नहीं बोल पाता था। सुरवीन ने इस बारे में आगे कहा कि कई बार लोगों का व्यवहार ऐसा होता है कि महिलाएं खुद से ही सवाल करने लगती हैं, क्या मुझमें कुछ गलत है? क्या मेरी कोई गलती है? यह मानसिकता तोड़ना ही सबसे मुश्किल होता है।
ऐसा रहा एक्ट्रेस का करियर
अभिनेत्री ने अपने करियर की शुरुआत साल 2003 में टेलीविजन शो ‘कहीं तो होगा’ से की थी। इसके बाद वह ‘कसौटी जिंदगी की’, ‘काजल’ और ‘24’ जैसे टीवी सीरियल्स का हिस्सा रहीं। 2008 में उन्होंने कन्नड़ फिल्म 'परमेशा पानवाला' से फिल्मों में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने ‘हम तुम शबाना’, ‘अग्ली’, ‘हेट स्टोरी 2’, ‘पार्च्ड’ और शॉर्ट फिल्म ‘छुरी’ जैसी फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवाया। इसके अलावा उन्होंने पंजाबी सिनेमा में भी अपनी पहचान बनाई और ‘सेक्रेड गेम्स’ से वेब सीरीज की दुनिया में कदम रखा। वर्तमान में वह पंकज त्रिपाठी के साथ 'क्रिमिनल जस्टिस सीजन 4' में नजर आ रही हैं। वहीं वह जल्द ही ‘राणा नायडू सीजन 2’ में भी दिखाई देंगी, जो 13 जून को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। इसमें राणा दग्गुबाती उनके साथ नजर आएंगे।